बरेली: मढ़ीनाथ में कुत्ते ने 12 लोगों को काटा, भीड़ ने मार डाला
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित मढ़ीनाथ में एक पागल कुत्ते ने दो बच्चों समेत 12 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते ने मढ़ीनाथ के साथ ही शांति विहार में भी कुछ लोगों को घायल किया है। गुस्साए लोगों ने कुत्ते को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार …
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित मढ़ीनाथ में एक पागल कुत्ते ने दो बच्चों समेत 12 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते ने मढ़ीनाथ के साथ ही शांति विहार में भी कुछ लोगों को घायल किया है। गुस्साए लोगों ने कुत्ते को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार व एंटी रेबीज टीका लगवाया गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार कुत्ते के आतंक से लोग काफी डरे हैं। उन्हें बच्चों की चिंता सता रही है। नगर निगम में भी शिकायत की गई है कि जल्द पागल कुत्ते को पकड़ना चाहिए। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. मेध सिंह ने बताया कि जो लोग अस्पताल आए उनका तुरंत इलाज कर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। कुत्ते के काटने से जो लोग घायल हुए हैं उनमें ईशा, मोहनलाल, नंदिनी, नीलम, अक्षय, शुभ, परिधि, दीप, नीर, मीरा समेत अन्य हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार घायलों को सीरम लगवाने की भी सलाह दी गई है।
कुत्ता काटने से होती है हाईड्रोफोबिया बीमारी
जिला अस्पताल एआरवी कक्ष प्रभारी डा. सूरज पांडेय ने बताया कि किसी को कुत्ता काट ले तो वह लापरवाही न बरतें, क्योंकि इससे हाईड्रोफोबिया हो जाती है। इसके वायरस के चलते नर्वस सिस्टम भी प्रभावित होता है इससे व्यक्ति चिड़चिड़ा हो जाता है व वह पानी से भी दूर भागता है।
गले की मसल्स पानी देखकर सिकुड़ जाती हैं, जिससे व्यक्ति की मौत भी हो जाती है। किसी को कुत्ता काटता है तो तुरंत उस जगह को साबुन से साफ करके धोना चाहिए और टिटनेस के साथ एआरवी तुरंत लगवानी चाहिए। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए चिकित्सकों की सलाह पर आरआईजी सीरम भी लगवाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- बरेली: समाधान दिवस पर शिकायतों की बौछार, रीडिंग से अधिक आ रहा बिजली बिल
