अयोध्या में हुई झमाझम बारिश तो तालाब बनीं सड़कें, हर तरफ दिखा पानी ही पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। पिछले 48 घंटे से भी अधिक समय से हो रही बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। झमाझम हो रही बरसात ने स्वच्छ अयोध्या-सुंदर अयोध्या का दावा करने वाली व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी है। आलम यह है कि शहर की मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई हैं। नाली व नाले चोक हो गए …

अयोध्या। पिछले 48 घंटे से भी अधिक समय से हो रही बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। झमाझम हो रही बरसात ने स्वच्छ अयोध्या-सुंदर अयोध्या का दावा करने वाली व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी है। आलम यह है कि शहर की मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई हैं। नाली व नाले चोक हो गए हैं। स्कूल हो या फिर घर सभी जगहों पर बरसात का पानी घुस गया है। गुलाबबाड़ी मैदान में लगने वाला साप्ताहिक बाजार भी बारिश व जलभराव के कारण चौपट हो गया, जिससे व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। बिड़ला धर्मशाला के सामने पानी भर जाने से 1 किलोमीटर लंबा घंटो जाम लगा रहा। इस दौरान वाहन चीटिंयों की चाल में रेंगते रहे।

नरेंद्र देव कृषि विवि के मौसम विभाग के अनुसार जनपद में सुबह 8.35 से देर शाम तक 36.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। अनुमान जताया जा रहा है कि आगामी 24 घंटे में मध्यम से घने बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी हुई है। इधर, मंगलवार शाम से हो रही बरसात से नगर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मकबरा, रिकाबगंज, नाका, देवकाली, जनौरा, बछड़ा सुल्तानपुर सहित तमाम इलाकों में बरसाती पानी भर गया। शहर की व्यस्ततम सड़कों में शुमार गणेशनगर मकबरा जाने वाली सड़क पर तो नाव चलने वाली स्थिति रही। कमोवेश यही हाल ऋषिटोला का भी रहा।

स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए सोचना पड़ रहा था। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। शहर के हसनू कटरा क्षेत्र में बने प्राथमिक विद्यालय का परिसर पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। बच्चे और अध्यापिकाएं अपनी-अपनी जगह खड़े होकर पानी के निकलने का इंतजार करते रहे। गुलाबबाड़ी मैदान में लगने वाली साप्ताहिक बाजार भी बारिश के प्रभावित रही। मैदान का पूरा परिसर जलमग्न हो चुका है, जिसके दुकानदारों को लाखों का नुकसान उठाना पड़ा। बारिश के कारण शहर क्षेत्रों में लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। लोगों के घरों का इन्वर्टर बैठ गया।

उड़द, मूंग की फसल को हो सकता है नुकसान
बारिश धान की फसल के लिए लाभदायक हैं, लेकिन उड़द, मूंग, सूर्यमुखी की खेती करने वाले किसानों को नुकसान हो सकता है। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह से होती रही तो धान की फसलों को काफी फायदा होगा। तेज हवाओं के कारण गन्ने की फसलें धराशायी हो गई। कई जगहों पर पेड़ व डाल गिर गई। स्कूलों में पानी भरने के कारण बच्चों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार गन्ना व सब्जी की बुवाई करने वाले किसानों के लिए वरदान साबित होगी। स्थानीय किसान रामराज का कहना है कि इस वर्ष वर्षा काल में जितनी वर्षा हुई है यदि उतनी ही वर्षा आगे भी हो जाती तो किसानों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

छप्पर गिरने से एक घायल, आकाशीय बिजली से भैंस की मौत
बारिश के कारण तारुन थाना क्षेत्र के केशरुआ में छप्पर गिरने से एक युवक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जिपंस हरीश निषाद ने बताया कि बारिश के कारण केशरूआ निवासी 35 वर्षीय मोनू निषाद छप्पर गिरने से घायल हो गया। अमानीगंज के खंडासा थाना क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। मोहम्मदपुर गांव निवासी राज्जन दुबे ने बताया कि वह बुधवार को गांव के बाहर अपनी भैंस चरा रहे थे।

मंडलायुक्त ने निरीक्षण कर अफसरों को लगाई फटकार
मंडलायुक्त ने राम जन्मभूमि क्षेत्र के रामकोट का निरीक्षण किया। जलवानपुरा में जलभराव के स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर जाकर निरीक्षण किया। नगर निगम के जलकल विभाग के कर्मचारियों को तत्काल जलवानपूरा क्षेत्र में जलभराव की समस्या से जनता को निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने के लिए निर्देश दिए। सफाई कर्मचारियों से कहा रामकोट अयोध्या की है ह्रदय स्थली दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। कई जगहों पर अव्यवस्थाओं से नाराज दिखे मंडलायुक्त ने संबंधित विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की फटकार भी लगाई।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: राजधानी में झमाझम बारिश, तेज हवाओं ने मौसम किया ठंडा

संबंधित समाचार