मुरादाबाद : पुलिस के निशाने पर नशे के कारोबारी, हिस्ट्रीशीटरों का खंगाला जा रहा इतिहास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। नशे के तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान छेड़ा है। एक तरफ जहां नशे के सौदागरों का वर्तमान व अतीत खंगाला जा रहा है तो दूसरी ओर उन संदिग्ध ठिकानों की तलाश नए सिरे से शुरू की गई है। जहां से तस्कर अपने काले कारोबार का संचालन करते हैं। …

मुरादाबाद,अमृत विचार। नशे के तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान छेड़ा है। एक तरफ जहां नशे के सौदागरों का वर्तमान व अतीत खंगाला जा रहा है तो दूसरी ओर उन संदिग्ध ठिकानों की तलाश नए सिरे से शुरू की गई है। जहां से तस्कर अपने काले कारोबार का संचालन करते हैं। मुखबिरों की मदद से नशा माफियाओं की नकेल कसने की कारगर कोशिश शुरू हो गई है।

मुरादाबाद व इसके आसपास के जिले वर्षों से नशा माफिया की गिरफ्त में हैं। सम्भल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर में चरस, अफीम व गांजा की तस्करी बीते वर्षों से लगातार हो रही है। पीतलनगरी में कच्ची शराब भी खूब बनाई जाती है। आबकारी विभाग व पुलिस की छापेमारी में सैकड़ों बार सिविल लाइंस थाने की आदर्श कालोनी में कच्ची शराब की खेप बरामद हो चुकी हैं। भातू कालोनी नशे के कारोबारियों की राजधानी कही जाती है। आए दिन कालोनी के आसपास लाशें मिलती हैं। उन शवों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने के दौरान चिकित्सक दावा करते हैं कि नशे की लत ने कई युवकों को अकाल मौत के मुंह तक पहुंचा दिया।

हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि स्कूल और कालेजों के आसपास तक नशा कारोबारियों ने अपनी पैठ बना ली है। कानून की आंख में धूल झोंकने के लिए नाबालिग व महिलाओं तक का इस्तेमाल किया जा रहा है। नशे के कारोबार के लगातार वटवृक्ष बनने से चिंतित उच्चाधिकारियों ने मातहतों को निर्णायक अभियान छेड़ने का आदेश दिया है। इसके तहत शनिवार को भातू कालोनी समेत अन्य कई संदिग्ध ठिकानों से पुलिस ने दो दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने नशेड़ियों से नशे के कारोबार की असल जड़ का पता लगाने की कोशिश की।

शहर के सभी थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ अभियान छेड़ा गया है। यह लगातार चलाया जाएगा। नशे के कारोबार में लिप्त माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। -अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दशहरा और दिवाली के लिए अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल, मारामारी

संबंधित समाचार