Queen Elizabeth II: महारानी के अंतिम संस्कार के पहले चार्ल्स ने अपनी मां की ‘‘आजीवन सेवा’’ को किया याद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय ने लंदन स्थित वेस्टमिंस्टर एबे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार से पहले धन्यवाद संदेश में अपनी दिवंगत मां द्वारा ‘‘आजीवन की गई सेवा’’ को याद किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत दुनिया भर के कई राष्ट्राध्यक्षों ने महाराजा चार्ल्स और उनकी पत्नी …

लंदन। ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय ने लंदन स्थित वेस्टमिंस्टर एबे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार से पहले धन्यवाद संदेश में अपनी दिवंगत मां द्वारा ‘‘आजीवन की गई सेवा’’ को याद किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत दुनिया भर के कई राष्ट्राध्यक्षों ने महाराजा चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमिला द्वारा बकिंघम पैलेस में रविवार शाम आयोजित ‘‘आधिकारिक राजकीय कार्यक्रम’’ में भाग लिया।

महारानी एजिलाबेथ द्वितीय (96) का आठ सितंबर को बाल्मोरल कैसल स्थित उनके स्कॉटलैंड आवास में निधन हो गया था। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है, जहां मुर्मू समेत विश्व के नेताओं समेत हजारों लोगों ने महारानी को श्रद्धांजलि दी।

महारानी की सोमवार को राजकीय अंत्येष्टि की जाएगी। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार की पूर्व संध्या पर रविवार रात आठ बजे पूरे ब्रिटेन में लोगों ने एक मिनट का मौन रखा। महाराजा चार्ल्स ने कहा, ‘‘इस देश और दुनियाभर से पिछले 10 दिन में मिले संदेशों एवं सहयोग से मैं और मेरी पत्नी अभिभूत हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से लंदन, एडिनबर्ग, हिल्सबोरो और कार्डिफ एवं अन्य जगहों से लोगों ने मेरी प्रिय मां, दिवंगत महारानी द्वारा आजीवन की गई सेवा को सम्मान देने के लिए यहां आने का कष्ट किया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। यह वह बात है जिसने हमारे दिल को छुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब हम सभी उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं, तो इस अवसर पर मैं उन अनगिनत लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जो इस दुख की घड़ी में मेरे और मेरे परिवार के साथ खड़े रहे हैं।’’

महारानी के सम्मान में मौन हुआ पुरा ब्रिटेन

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का अंतिम संस्कार कुछ ही देर में वेस्टमिंस्टर एबे में होने वाला है और इससे पहले उनकी याद में पूरे ब्रिटेन में दो मिनट का मौन रखा गया। लंदन के गॉथिक एबे में सोमवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जुटे ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्यों के साथ ही दुनियाभर के सैकड़ों नेताओं और गणमान्यों ने सिर झुकाया और हाउसहोल्ड कैवलरी के सदस्यों ने ‘द लास्ट पोस्ट’ की धुन बजाई। इसके बाद वहां उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखा और फिर राष्ट्रगान गाया गया। महारानी के पाइपर ने शोक धुन बजाई और प्रार्थना सभा समाप्त हुई। इसके बाद महारानी के ताबूत को विंडसर कैसल में दफनाया जाना है।

महारानी अंत्येष्टि राष्ट्रगान

ब्रिटेन का राष्ट्रगान बजाये जाने के साथ महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की राजकीय अंत्येष्टि से संबंधित प्रार्थना संपन्न

‘कुछ नेताओं को ही इतना प्यार मिला है’

कैंटरबरी के आर्कबिशप जस्टिन वेल्बी ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की अंत्येष्टि के समय प्रार्थना में कहा कि जनता का महारानी के प्रति ‘‘हमने जो प्रेम और स्नेह देखा है, वह कुछ ही नेताओं के लिए देखने को मिलता है।’’ वेस्टमिंस्टर एबे में महारानी के अंतिम संस्कार के दौरान प्रार्थना में, इंग्लैंड के चर्च के आर्कबिशप ने कहा कि महारानी ‘‘खुशमिजाज थीं, बहुत से लोगों के लिए वह हमेशा मौजूद रहती थीं, उन्होंने बहुत से लोगों के जीवन को छुआ।’’ महारानी एलिजाबेथ के 21वें जन्मदिन पर उनके वादे ‘पूरा जीवन अपने राष्ट्र और राष्ट्रमंडल की सेवा के लिए समर्पित रहेगा’ का उल्लेख करते हुए वेल्बी ने कहा, ‘‘ऐसे वादों को निभा पाना बहुत दुर्लभ होता है।’’ शाही अंत्येष्टि के समय महारानी की स्मृति में धार्मिक पाठ किया गया। इसमें स्तुति गीत ‘‘द लॉर्ड्स माई शेफर्ड’’ भी शामिल है, जिसे 1947 में इसी वेस्टमिंस्टर एबे में प्रिंस फिलिप के साथ एलिजाबेथ की शादी के समय गाया गया था।

महारानी की राजकीय अंत्येष्टि में शरीक हुए शिष्टमंडल में राष्ट्रपति मुर्मू

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की यहां वेस्टमिंस्टर एबे में सोमवार को राजकीय अंत्येष्टि में शरीक हो रहे आधिकारिक भारतीय शिष्टमंडल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश सचिव विनय क्वात्रा शामिल हैं। राष्ट्रपति और विदेश सचिव तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन और सिंगापुर की राष्ट्रपति हलीमा याकूब सहित अन्य राष्ट्रमंडल सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ महारानी की शव यात्रा में शामिल होने वेस्टमिंस्टर एबे पहुंचे।

इससे पहले, राष्ट्रपति मुर्मू ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने लंदन में राजकीय अंत्येष्टि शुरू होने से कुछ समय पहले बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन, शेख रेहाना से मुलाकात की।’’ मुर्मू महारानी की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए तीन दिनों की यात्रा पर शनिवार से लंदन में हैं। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर को निधन हो गया था। वह 96 वर्ष की थीं।

 

ये भी पढ़ें:- जेलेंस्की ने देश से किया वादा, रूस के खिलाफ जवाबी हमलों में नहीं बरती जाएगी कोई कोताही

संबंधित समाचार