बरेली: कांग्रेस ने कानपुर में शहीद हुए पुलिस जवानों को दी श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला कांग्रेस कमेटी ने श्यामगंज चौराहा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर शोक सभा की। कांग्रेस नेताओं ने कानपुर के थाना चौबेपुर की घटना में पुलिस के आठ शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। पार्टी नेताओं ने योगी सरकार से इस्तीफे की मांग की है। पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि उत्तर प्रदेश …

बरेली, अमृत विचार। जिला कांग्रेस कमेटी ने श्यामगंज चौराहा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर शोक सभा की। कांग्रेस नेताओं ने कानपुर के थाना चौबेपुर की घटना में पुलिस के आठ शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। पार्टी नेताओं ने योगी सरकार से इस्तीफे की मांग की है।

पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से जंगल राज होता जा रहा है। आज पुलिस तक सुरक्षित नहीं है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। अपराधियों का बोलबाला है। लोगों के अंदर दहशत का माहौल बढ़ता जा रहा है। महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार के बाद उनकी हत्या कर दी जाती है। उसके बाद भी योगी सरकार पूरी तरह से चुप है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। सरहद पर हमारे बहादुर सेना के जवान शहीद हो रहे हैं और प्रदेश में हमारे पुलिस के जवान शहीद हो रहे हैं।

इंजीनियर अनीस अहमद खां ने कहा कि मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। अब वह जनता का ध्यान हटाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। कांग्रेस के बढ़ते हुए जनाधार को देखकर भाजपा के अंदर बेचैनी पैदा हो गई है। हम सभी कांग्रेसजन शहीद हुए पुलिस जवानों को अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।

वरिष्ठ नेता राज शर्मा, दिनेश दद्दा, हेमेंद्र शर्मा एडवोकेट, जिला प्रवक्ता जिया उर्रहमान, जुनैद हसन एडवोकेट, इमरान रजा एडवोकेट, पाकीजा खान, साहिब सिंह, हरीश गंगवार, शकील कुरैशी, फिरोज खान, मोईद सिद्दीकी मौजूद रहे।

कानपुर घटना के विरोध में सपा का धरना
कानुपर में एक मुठभेड़ में आठ पुलिसकर्मियों के मारे जाने की घटना को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने चौकी चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा के पास धरना दिया। सपा जिलाध्यक्ष अगम मौय, पूर्व विधाकय अताउर्रहमान, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तान की उपस्थिति में पार्टी नेताओं ने कानून व्यवस्था पर प्रश्न उठाते हुए मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इस कारण आठ जांबाज पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। शहीद पुलिसकर्मियों को एक-एक करोड़ व घायलों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने व घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए राज्यपाल को संबोधित मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। वहीं, शाम को सपा नेताओं ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अपर्ति करने के लिए कैंडल मार्च किया।

संबंधित समाचार