धोखाधड़ी : फर्जी चेक के जरिये निकल गए लाखों रुपये
अमृत विचार, तिर्वा/ कन्नौज। सहकारी समिति के सदस्यों ने सचिव व प्रबंधक पर आरोप लगाया है कि उनके खाते से फर्जी चेक के माध्यम से लाखों रुपये निकल गए। उन्हें तब पता चला जब लेनदेन बंद होने पर अमीन वसूली करने पहुंचा। सदस्यों ने डीएम, बैंक महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेज जांच कर कार्रवाई की …
अमृत विचार, तिर्वा/ कन्नौज। सहकारी समिति के सदस्यों ने सचिव व प्रबंधक पर आरोप लगाया है कि उनके खाते से फर्जी चेक के माध्यम से लाखों रुपये निकल गए। उन्हें तब पता चला जब लेनदेन बंद होने पर अमीन वसूली करने पहुंचा। सदस्यों ने डीएम, बैंक महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेज जांच कर कार्रवाई की मांग की।
थाना इंदरगढ़ कस्बे में खुली साधन सहकारी समिति के सदस्य लेलेपुर गांव निवासी श्रीराम पुत्र रुस्तम ने बताया कि वह साधन सहकारी समिति का सदस्य है। वह खाद-बीज का लेनदेन करता है। उसने 30 जून 2018 से समिति से कोई लेनदेन नहीं किया। उसके पास समिति द्वारा दी गई चेकबुक भी है। आरोप लगाया कि उसके फर्जी चेकबुक तैयार कर उसके खाते से 53,680 रुपये निकाल लिए गए।
वसूली करने के लिए जब अमीन आया तो रुपये निकलने की जानकारी हुई। इसी तरह भौरामऊ कलसान निवासी प्रभात कुमार पुत्र बुद्धा ने बताया कि उसने 2014 से अपना खाता बंद कर रखा था। चेक बुक उसके पास है इसके बाद भी फर्जी चेक के जरिए 77,314 रुपये खाते से निकाल लिया गया। अमीन आने के बाद उसे भी जानकारी हुई। इसी तरह बड़रान निवासी जितेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी चेक में हस्ताक्षर कराकर सचिव व प्रबंधक ने ले ली थी।
चेक में लेने के बाद खाद भी नहीं दी। ली गई चेक में कितने पैसे भरे इसकी जानकारी भी नहीं दी। उसके खाते से रुपया निकाल लिया। पीड़ितों ने शाखा प्रबंधक व सचिव पर खातों से पैसा निकालने का आरोप लगाकर डीएम, बैंक महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेज जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
समिति के सचिव मोहित यादव ने बताया कि किसानों के आरोप गलत हैं, यदि कोई ऐसा मामला होता तो सदस्य शिकायत करते। उनके पास कोई भी सदस्य शिकायत लेकर नहीं आए। शिकायत आने पर जांच की जाएगी। साधन सहकारी समिति के महाप्रबंधक एमके सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- बिजनौर: रंगदारी और धोखाधड़ी में फंसे दो पत्रकार, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
