कानपुर: पिटबुल के मालिक पर लगा पांच हजार का जुर्माना, मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। गुरुवार को सरसैया घाट में गाय पर हमला करने वाले पिटबुल कुत्ते को नगर निगम अपनी हिरासत में रखेगा। नगर निगम ने कुत्ते के मालिक पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर निगम पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार जब तक कुत्ता मालिक नियम व शर्तें पूरी नहीं करेगा तब तक पिटबुल को …

कानपुर, अमृत विचार। गुरुवार को सरसैया घाट में गाय पर हमला करने वाले पिटबुल कुत्ते को नगर निगम अपनी हिरासत में रखेगा। नगर निगम ने कुत्ते के मालिक पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर निगम पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार जब तक कुत्ता मालिक नियम व शर्तें पूरी नहीं करेगा तब तक पिटबुल को नहीं छोड़ा जाएगा। विभाग अब मालिक पर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है।

पालतू कुत्ते 34 हजार, पंजीकरण सिर्फ 303 का सरसैया घाट में पिटबुल कुत्ते के हमले के बाद से कानपुर नगर निगम भी हरकत में आया है। शहर में करीब 34 हजार से ज्यादा विदेशी नस्ल के पालतू कुत्ते हैं, इसमें सिर्फ 303 का ही पंजीकरण है। ऐसे कुत्तों को चिह्नित करने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू की है। इनको चिह्नित करने के लिए पड़ोसियों का सहारा लिया जाएगा। कंट्रोल रूम में अपने आसपास कुत्तों को पालने वालों के नाम व पता दर्ज करा सकते हैं। जानकारी देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा।

नगर निगम में पंजीकरण कराने का तरीका
– ईनगरसेवा.जीओवी.इन के आफिशियल पोर्टल पर जाएं
– सिटीजन लाग इन पर जाकर क्लिक करें
– अगले स्टेप में मोबाइल ओटीपी की सहायता से आईडी व पासवर्ड बनाएं
– ट्रेड लाइसेंस पर क्लिक करें और पेट लाइसेंस में जाएं
– एर फार्म खुलेगा, जिसे भरना होगा
– फार्म में पालतू कुत्ते की फोटो, कुत्ते के मालिक का आधार कार्ड
– कुत्ते को एंटी रेबीज इंजक्शन लगवाने का प्रमाण पत्र अपलोड करें।

हर साल पंजीकरण का नवीनीकरण शुल्क
नगर निगम में कुत्तों का पंजीकरण कराने के लिए 10 रुपये का शुल्क अदा कर फार्म लेना होगा। देसी कुत्तों के पंजीकरण के लिए 200 रुपये और विदेशी कुत्तों के पंजीकरण के लिए 500 रुपये देने होंगे। इसके बाद हर साल पंजीकरण का नवीनीकरण भी कराना होगा। नवीनीकरण कराने के लिए भी देसी और विदेशी कुत्तों का पंजीकरण शुल्क 200 और 500 रुपये अदा करना होगा।

कंट्रोल रूम में करें शिकायत
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आर.के निरंजन ने बताया कि लोग कंट्रोल रूम में अपने आस-पास पालतू कुत्तों को पालने वालों के बारे में जानकारी दें। जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। वहीं कुत्तों का पंजीकरण आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यमों से करा सकते हैं। कुत्ते को लगाए गए एंटी रेबीज इंजेक्शन का प्रमाण पत्र देना अनिवार्य है।

पंजीकरण न कराने पर देना होगा जुर्माना
– पांच हजार रुपए का जुर्माना पंजीकरण न करवाने पर
– एक परिवार सिर्फ दो पालतू कुत्ते पाल सकता है
नगर निगम का कट्रोल रूम नंबर फोन नंबर – 0512-2526004-005।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: पिटबुल ने गाय पर किया हमला, तीन-तीन लोग छुड़ाते रहे, फिर इस तरकीब से बची जान

संबंधित समाचार