बरेली: बारिश में शहर हुआ पानी-पानी, नाला सफाई की खुली पोल
बरेली,अमृत विचार। शुरुआती बारिश ने ही लाखों खर्च से साफ कराए गए नालों की पोल खोल कर रख दी। नगर निगम नाला सफाई में 80 लाख रुपये खर्च करने के बाद दावा कर रहा था कि शहरवासियों को जलभराव का सामना नहीं करना पड़ेगा। सुबह की हल्की बारिश में ही नाले भर गए। पानी सड़क …
बरेली,अमृत विचार। शुरुआती बारिश ने ही लाखों खर्च से साफ कराए गए नालों की पोल खोल कर रख दी। नगर निगम नाला सफाई में 80 लाख रुपये खर्च करने के बाद दावा कर रहा था कि शहरवासियों को जलभराव का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सुबह की हल्की बारिश में ही नाले भर गए। पानी सड़क पर जमा हो गया। आधे-अधूरे निर्माण कार्यों के कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। जिन जगहों पर सड़क और नाला निर्माण के लिए खुदाई की गई थी, वहां पर लोगों का राह चलना दूभर हो गया। कई जगह पर सरकारी आवास में भी जलभराव हो गया।
रविवार को महज कुछ घंटों की बरसात ने ही स्मार्ट सिटी के नालों की सफाई की पोल खोल कर रख दी। नाले कितने साफ हुए हैं बरसात से पता चला गया। नाले चोक हो कर भर गए और लोगों को पानी से दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। सुभाषनगर की पुलिया हर बार की तरह फिर भर गई। शहर में तमाम जुगह घुटने तक पानी भरने से आमजन को दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
आईवीआरआई पुल के अंडरपास में पानी भर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। हजियापुर, बाकरगंज, चक महमूद, इंदिरापुरम, जगतपुर, रबड़ी टोला, रोहिली टोला, सुभाषनगर, वीर भट्टी, मढ़ीनाथ, किला, बानखाना, गुलाबनगर, सूफी टोला, सिकलापुर, श्यामगंज मंडी में कुछ घंटों की बरसात से ही जलभराव हो गया। सबसे अधिक दिक्कतें उन मोहल्लों में रहीं, जहां सड़क और नाला निर्माण का काम चल रहा है। निर्माणाधीन पुलों के पास तो फिसलन के कारण कई लोग गिर पड़े।
सड़कों और पुलों के गड्ढे बने में मुसीबत
शहर की सड़कों पैचवर्क का काम तो कागजों में खूब हुआ है। लेकिन बरसात के दिनों में पैचवर्क के कार्यों में गड़बड़ी उजागर होने लगी है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण वाहन सवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा था। श्यामगंज, चौपुला, किला हर्टमैन पुलों पर बने होल से बरसात के दिनों में जानलेवा साबित हो रहे है। जगह- जगह पानी भर जाने के कारण वाहन के आने जाने पर बाइक, पैदल चलने वाले लोगों के ऊपर पानी के छींटें पड़ जा रहे हैं।
मलवा और सिल्ट से बढ़ी परेशानियां
नाला निर्माण और सफाई से निकले मलवे, सिल्ट से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने नाला और सड़क के मलवे से सड़कों को पर कीचड़ हो गया है। कई जगहों पर तो इसके कारण जाम लगने लगा है। गंदगी के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने से कन्नीकाट रहे हैं। इतना ही नहीं बरसात के कारण नाला सफाइ में निकला सिल्ट पानी के साथ बहकर फिर से नाला में चला जा रहा है। इसके कारण नाला का हाल फिर से पुरानी तरह हो गया है।
