सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, शहर में फैली गंदगी
अमृत विचार, अयोध्या। अपने दो माह के वेतन की मांग को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी और लिपिकीय संवर्ग ने सोमवार को हड़ताल कर दी। हड़ताल से पूरे शहर में हर जगह गंदगी फैल गई है। सड़क से लेकर गली मोहल्ले में कूड़े का ढेर लग गया है। सोमवार से ही शारदीय नवरात्र की …
अमृत विचार, अयोध्या। अपने दो माह के वेतन की मांग को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी और लिपिकीय संवर्ग ने सोमवार को हड़ताल कर दी। हड़ताल से पूरे शहर में हर जगह गंदगी फैल गई है। सड़क से लेकर गली मोहल्ले में कूड़े का ढेर लग गया है।
सोमवार से ही शारदीय नवरात्र की शुरुआत हुई है। नवरात्र का प्रथम दिन होने पर श्रद्धालु मंदिरों में पूजन अर्चन को पहुंचने लगे। लेकिन मंदिरों के आसपास कूड़े और गंदगी के ढेर के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल से प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई है। हड़ताल को खत्म कराने के लिए मंडलायुक्त नवदीप रिणवा नगर निगम पहुंच गए। उन्होंने आंदोलित कर्मचारियों के नेताओ से वार्ता की। लेकिन सफाई कर्मचारी इस बात को लेकर अड़े हैं की दाम नहीं तो काम नहीं। मंडलायुक्त श्री रिणवा, नगर आयुक्त विशाल सिंह सहित नगर निगम अयोध्या के अधिकारियों के साथ वेतन भुगतान कराने की प्रक्रिया शुरू कराने को लेकर निगम में ही बैठे हैं।
उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष विनय बाघमार ने कहा कि जब तक वेतन भुगतान नहीं होगा तब तक हड़ताल जारी रहेगी।बताया गया है की धरना प्रदर्शन खत्म हो गया है फिलहाल नगर निगम कार्यालय परिसर में हजारों सफाई कर्मचारी और लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारी जमे हुए हैं। अभी वार्ता जारी है। माना जा रहा है कि सोमवार को ही द्वितीय पाली में सफाई कार्य शुरू हो सकता है।
यह भी पढ़ें… अयोध्या: पांच वृहद रोजगार मेलों में 2794 को मिला रोजगार
