औरैया: छात्र की मौत पर उपद्रव, पिता और बसपा नेता समेत 35 नामजद व 250 अज्ञात उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया। यूपी के औरैया जिले में एक स्कूल शिक्षक की पिटाई से दलित छात्र की मौत के मामले ने कल रात हुए उपद्रव पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मृतक के पिता, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता एवं कुछ अन्य के खिलाफ हिंसा एवं आगजनी का मुकदमा दर्ज कर …

औरैया। यूपी के औरैया जिले में एक स्कूल शिक्षक की पिटाई से दलित छात्र की मौत के मामले ने कल रात हुए उपद्रव पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मृतक के पिता, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता एवं कुछ अन्य के खिलाफ हिंसा एवं आगजनी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अछल्दा थाना क्षेत्र में सोमवार को 15 वर्षीय दलित छात्र निखित कुमार की मौत के बाद रात में हुए उपद्रव के दौरान पुलिस की गाड़ियों को आग लगाने के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता राजू दोहरे और बसपा पार्टी के मंडल कोऑर्डिनेटर संघप्रिय गौतम सहित 35 अन्य को नामजद किया है। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में 35 नामजद एवं लगभग 250 अज्ञात का जिक्र किया गया है। इन सभी के खिलाफ आईपीसी की 12 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में सोमवार को देर रात तक भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गांव में हंगामा किया था। ये लोग मृतक छात्र के शव को सड़क पर रख कर शिक्षक की गिरफ्तारी होने तक उसका अंतिम संस्कार नहीं होने देने की जिद पर अड़े थे।गुस्साई भीड़ के हंगामे के कारण पुलिस के आला अधिकारियों को रात भर गश्ती करने के बाद मंगलवार को शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये स्थानीय बाजार बंद रखने का आदेश देना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाके में व्याप्त तनाव और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की माैजूदगी के कारण अशांति की आशंका को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल स्थानीय बाजार बंद रखने को कहा है।

आदर्श इंटर कॉलेज के सामाजिक विज्ञान के प्रवक्ता अश्विनी सिंह ने गत सात सितबंर को कक्षा 10 के छात्र निखित कुतार पुत्र राजू दोहरे की जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे सोमवार को सुबह उसकी मौत हो गयी। इससे गुस्साये ग्रामीणों के हंगामे के कारण इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया।

भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच स्थानीय लोगों ने आरोपी शिक्षक की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने का हवाला देकर छात्र के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। अछल्दा में सुबह दुकानें खुलने पर पुलिस ने एहतियातन पूरा बाजार बंद करा दिया है। इलाके में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात है।

इस मामले में मासिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिका में महज एक शब्द गलत लिखने पर शिक्षक ने छात्र को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी शिक्षक फरार है। इस बीच अनुसूचित जाति के छात्र की मौत से गुस्साये ग्रामीणों से कल देर शाम सड़क जाम कर पुलिस के वाहन को आग लगा दी।

अछल्दा में गुस्साये लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के सामने शव रख कर देर रात तक प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलने पर विधूना के अपर पुलिस अधीक्षक एवं उपजिलाधिकारी सहित भारी पुलिस फ़ोर्स मौके पर पहुंच गयी। क्रुद्ध प्रदर्शनकारियो ने पुलिस के वाहनों पर पथराव किया और एक गाड़ी में आग भी लगा दी।

पुलिस के मुताबिक एक दिन पहले शिक्षक पर मारपीट और दलित एक्ट में मुकदमा दर्ज हो चुका है। मौत की खबर के बाद स्कूल बंद कर दिया गया और शिक्षक फरार हो गया। इस बीच मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बसपा ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोपी शिक्षक को जल्द गिरफ्तार करने एवं पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। विपक्षी दल इसे जातिगत भेदभाव का मामला बताते हुए योगी सरकार पर आरोपी शिक्षक को बचाने का आरोप भी लगा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद : बहन की सहेली को शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, आरोपी सिपाही के खिलाफ ठाकुरद्वारा थाने में मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार