दुस्साहस : सरेराह दबंगों ने छात्र को मारा चाकू, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, चित्रकूट। शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी गुरुवार को नजर आई। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके बस स्टैंड के पास दबंग छात्रों के एक गुट ने कुछ छात्रों को रोका और उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में दो छात्रों के हाथों में …

अमृत विचार, चित्रकूट। शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी गुरुवार को नजर आई। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके बस स्टैंड के पास दबंग छात्रों के एक गुट ने कुछ छात्रों को रोका और उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में दो छात्रों के हाथों में गंभीर घाव हुए।

पूरे घटनाक्रम का दुखद पहलू यह रहा कि दबंग छात्रों को मारते पीटते रहे पर उनको बचाने कोई नहीं आया। बाद में ये असामाजिक तत्व गालियां बकते हुए वहां से आराम से निकल गए। भुक्तभोगियों ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि रिपोर्ट लिखी जा रही है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

कर्वी कोतवाली अंतर्गत कच्ची छावनी निवासी शौर्य बौरिया ने बताया कि गुरुवार की दोपहर वह अपने अन्य साथियों के साथ कोचिंग पढ़कर घर जा रहा था। हाईवे पर बस स्टैंड स्थित एक माल के पास पहले से घात लगाए कुछ दबंग छात्रों ने उन लोगों को रोका और कहा कि बहुत गुंडे बनते हो।

इसके बाद चाकू निकाल कर ताबड़तोड़ वार करने लगे। बाद में ये लोग अपने वाहनों से आराम से निकल गए। आश्चर्य की बात रही कि दबंग युवकों ने नवरात्र के मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की चिंता तक नहीं की। छात्र ने बताया कि आरोपियों ने उनकी चेन भी छीन ली।

उसने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्रों में किसी पुरानी बात को लेकर लड़ाई हुई है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। इनको बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें:- अमरोहा: गर्म रसगुल्लों के भगौने में गिरा मासूम झुलसा, मौत

संबंधित समाचार