बरेली: पुलिस की मुखबिरी के चलते फरार हो गया नशा माफिया
बरेली, अमृत विचार। कानपुर में पुलिस मुखबिरी की वजह से ही आठ पुलिसवालों की जान चली गई। इसके बाद भी मुखबिर बाज नहीं आ रहे है। चरस गांजा बेचने वाले माफिया के घर दबिश देने से पहले ही पुलिस के लोगों ने उसे सूचना दे दी और वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही घर …
बरेली, अमृत विचार। कानपुर में पुलिस मुखबिरी की वजह से ही आठ पुलिसवालों की जान चली गई। इसके बाद भी मुखबिर बाज नहीं आ रहे है। चरस गांजा बेचने वाले माफिया के घर दबिश देने से पहले ही पुलिस के लोगों ने उसे सूचना दे दी और वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही घर से फरार हो गया। इसके साथ ही वह मकान की सीढ़ियों पर तेल गिराकर भाग निकला। इससे पुलिसकर्मी भी वहां फिसल गया।
बारादरी के गंगापुर इलाके में कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी खुलेआम होती है। वहां के नामी तस्कर कल्लू के घर लाखों के मादक पदार्थ व कच्ची शराब होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने सोमवार की शाम उसके घर दबिश दे दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले कल्लू वहां से फरार हो गया।
बताया जाता है कि किसी पुलिसकर्मी ने ही कल्लू से दबिश की मुखबिरी की थी। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो उसे उसके घर की सीढ़ियों पर तेल पड़ा मिला। इससे एक पुलिसकर्मी वहां फिसलकर गिर भी गया। पुलिस ने मौके से वहीं के रहने वाले शिवा को हिरासत में लिया है। तलाशी में पुलिस को उसके पास से 1435 ग्राम चरस, 1815 ग्राम गांजा, 230 पुड़ियां समेत 10,850 रुपये नकद बरामद हुए है। वहीं पुलिस ने कल्लू के घर में रखी कच्ची शराब को छुआ तक नहीं।
सट्टेबाज राबिया और बेटा फरार
कुछ समय पहले ही बारादरी पुलिस ने सट्टेबाज राबिया को एनडीपीएस एक्ट में जेल भेजा था। अब वह जेल से बाहर आ गई है। पुलिस ने सोमवार को तस्कर कल्लू के घर दी दबिश में सट्टेबाज राबिया और उसके बेटे अली को भी फरार बताया है। पुलिस के मुताबिक कल्लू राबिया से माल लाता है। इससे पहले जगतपुर में पकड़े गए सट्टे में भी राबिया को पुलिस ने मौके से फरार बताया था।
बदमाशों के साथ तमंचे लेकर लौटा कल्लू
पुलिस जब दबिश देकर वहां से वापस लौट गई। इसके कुछ देर बाद कल्लू के साथ छह-सात लड़के वहां हाथों में तमंचे लेकर आए और पुलिस से मुखबिरी करने वालों को जान से मारने की धमकी देने लगा। उन्हें मोहल्ले के ही दो लोगों पर शक था कि उन्होंने उसके यहां पुलिस भेजी है।
“पुलिस ने गंगापुर में दबिश देकर वहां से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से नशीला पदार्थ मिला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है।” -शितांशु शर्मा, इंस्पेक्टर, बारादरी
