अनूठी पहल : सभी थाने में लगेंगे बॉक्स, साझा कर सकते हैं समस्या या गोपनीय सूचना
अमृत विचार, कन्नौज। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह लगातार जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को धार देने में लगे हैं। इसके लिए टेक्निकल टीम के साथ मिलकर नित नए प्रयोग कर रहे हैं और इसमें काफी हद तक सफल भी हो रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार से उन्होंने प्रोजेक्ट टाक टु योर एसपी यानी अपने …
अमृत विचार, कन्नौज। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह लगातार जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को धार देने में लगे हैं। इसके लिए टेक्निकल टीम के साथ मिलकर नित नए प्रयोग कर रहे हैं और इसमें काफी हद तक सफल भी हो रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार से उन्होंने प्रोजेक्ट टाक टु योर एसपी यानी अपने पुलिस अधीक्षक से बात करें की शुरुआत की है।
इसके तहत एक बॉक्स पुलिस दफ्तर में लगाया गया है जिसमें जनता अपनी समस्या, शिकायत आदि गोपनीय रूप से डाल सकती है। इन शिकायतों का निस्तारण तीन दिन के अंदर किया जाएगा।
बता दें कि आते ही एसपी ने सबसे पहले जिले को कैमरे के जाल में बांधने की पहल की थी जो अब तक जारी है। इसके बाद पुलिस और पुलिसिंग पर काम करते हुए हिस्ट्रीशीट, गैंग रजिस्टर, बीट चलो अभियान जैसी कार्रवाई की। अब ऐसे लोग जो सीधे जाकर उनसे अपनी समस्या नहीं बता सकते हैं उनके लिए उन्होंने नए प्रोजेक्ट की शुरुआत की है।
इसमें जिले के सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर बॉक्स लगाए जाएंगे। इनमें पीड़ित व्यक्ति कोई भी सूचना या शिकायत गोपनीय ढंग से उन तक पहुंचा सकता है। एसपी ने बताया कि अब तक ऐसे मामले उन्हें रजिस्टर्ड पत्र के माध्यम से प्राप्त होते थे जिसमें कई बार उपयोगी सूचनाएं होतीं थीं।
अब इस व्यवस्था से और अधिक महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकेंगी। उन्होंने पहले बॉक्स का शुभारंभ अपने ही दफ्तर से किया है। बताया कि फिलहाल ऐसे 20 बॉक्स खास-खास स्थानों पर लगाए जाएंगे। इसमें मिलने वाली सूचना और शिकायतों का संज्ञान लेकर तीन दिन के अंदर निस्तारण किया जाएगा। इससे पुलिसिंग व्यवस्था और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें:- अनूठी पहल: पंजाब की जेलों में कैदियों के लिए जल्द खोले जाएंगे क्लासरूम
