लखीमपुर-खीरी: ईओ और चेयरमैन के सामने गुर्गे ने पत्रकार पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। खबरों से बौखलाए नगर पालिका के चेयरमैन के गुर्गे ने ईओ और चेयरमैन के सामने लखनऊ से प्रकाशित एक प्रतिष्ठित अखबार के पत्रकार की पिटाई कर दी और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में पत्रकार कोतवाली पहुंचे और …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। खबरों से बौखलाए नगर पालिका के चेयरमैन के गुर्गे ने ईओ और चेयरमैन के सामने लखनऊ से प्रकाशित एक प्रतिष्ठित अखबार के पत्रकार की पिटाई कर दी और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में पत्रकार कोतवाली पहुंचे और कड़ा विरोध जताया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: भीषण सड़क हादसे में गई 10 लोगों की जान, 50 से अधिक घायल, पीएम ने जताया दुख

शहर के मोहल्ला ईदगाह निवासी लखनऊ से प्रकाशित एक अखबार के पत्रकार विकास सहाय कृष्णा टॉकीज के पास स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क में कार्यक्रम की कवरेज करने गए थे। पत्रकार विकास सहाय ने बताया कि पार्क में ईओ संजय कुमार और नगर पालिका चेयरमैन निरुपमा मौनी बाजपेई भी मौजूद थी। कवरेज के दौरान वहां मौजूद शोभितम मिश्रा ने विकास सहाय को पकड़ लिया। विकास कुछ समझ पाते।

इससे पहले ही आरोपी ने यह कहते हुए उनकी पिटाई कर दी कि चेयरमैन के खिलाफ खबरें लिखते हो। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद ईओ ने पत्रकार को पकड़ लिया था। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन मूकदर्शक बनी मौके पर खड़ी रहीं। पत्रकार की पिटाई की खबर मिलते ही जिले के पत्रकारों में रोष व्याप्त हो गया।

बड़ी संख्या में पत्रकार कोतवाली सदर पहुंचे और घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। प्रभारी निरीक्षक सदर ने घटना को गंभीरता से लिया और वह भारी पुलिस बल के साथ आरोपी की तलाश में चेयरमैन के पति मौनी बाजपेई के क्लीनिक पर पहुंचे और उनसे आरोपी के बावत पूछताछ की।

पुलिस ने क्लीनिक के साथ ही चेयरमैन के घर की तलाशी, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसी बीच भाजपा नगर अध्यक्ष जितेंद्र साहनी के साथ आरोपी के मिश्राना चौकी पहुंचने की जानकारी मिलने पर कोतवाल मौके पर पहुंचे और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे लेकर कोतवाली आई और उसे हवालात में डाल दिया। आरोपी शोभितम मिश्रा खुद को चेयरमैन का पीआरओ बताकर पालिका कर्मचारियों पर भी धौंस जमाता था। बताया जाता है कि वह चेयरमैन का रिश्तेदार भी है और उन्हीं के घर पर रहता था।

भाजपा नगर अध्यक्ष ने पुलिस को सुनाई खरी खोटी, वीडियो वायरल
पुलिस के लगातार दबिश देने और गिरफ्तारी का दबाव बनाने पर भाजपा नगर अध्यक्ष जितेंद्र साहनी आरोपी शोभितम मिश्रा को लेकर पुलिस चौकी मिश्राना पहुंचे। पुलिस ने जब आरोपी को हिरासत में लेने की कोशिश की तो वह भड़क गए और दरोगा को सत्ता की हनक दिखाते हुए उसे खरी खोटी सुनाने लगे। हालांकि पुलिस ने भी अपने पर उतर आई और भाजपा नेता को जमकर लताड़ लगाई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस जब आरोपी को पकड़कर कोतवाली आई तो कथित भाजपा नेता भी कोतवाली पहुंच गया और पत्रकारों से अभद्रता करने लगा। इस पर पत्रकारों हंगामा शुरू कर उसे खूब खरी खोटी सुनाई। हालांकि पुलिस ने आक्रोशित पत्रकारों को किसी तरह से शांत कराया।

कोतवाल से बोले, मौनी तुम तो हमारे आदमी हो
आरोपी की तलाश में प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर जब नगरपालिका चेयरमैन पति मौनी बाजपेई की क्लीनिक पर फोर्स के साथ पहुंचे और जब उनसे कहा कि शोभितम को बुलाइए तो उन्होंने कहा कि तुम तो हमारे आदमी हो। इस पर वहां मौजूद लोग ठहाके मारकर हंसने लगे। कोतवाल ने कड़ा रुख अख्तियार कर उनकी जमकर फजीहत की और बोले कि हम सरकार के नौकर हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने की घटना की निंदा
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने पत्रकार के साथ मारपीट की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। इसके लिए प्रशासन कठोर से कठोर कार्रवाई करे।

पत्रकार की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है-चंद्रशेखर सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर।

शोभितम मिश्रा दूर का रिश्तेदार है। वह मेरे पास ही रुकता है। जिस समय घटना हुई। उस वक्त  मैं दुकान पर ही था-मौनी बाजपेई, चेयरमैन पति।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: बस व ट्रक की जोरदार टक्कर, भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत, 30 से अधिक लोग घायल

संबंधित समाचार