चित्रकूट: अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट, अमृत विचार। सरकार सरकारी अस्पतालों की बेहतरी के चाहे जितने दावे करे पर जमीनी हकीकत इससे बहुत जुदा है। आए दिन अस्पतालों में होने वाले हादसे इसकी नजीर हैं। जिला अस्पताल में बुधवार को और एक प्रसूता की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और समय से ऑक्सीजन न …

चित्रकूट, अमृत विचार। सरकार सरकारी अस्पतालों की बेहतरी के चाहे जितने दावे करे पर जमीनी हकीकत इससे बहुत जुदा है। आए दिन अस्पतालों में होने वाले हादसे इसकी नजीर हैं। जिला अस्पताल में बुधवार को और एक प्रसूता की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और समय से ऑक्सीजन न मिलने की वजह से उसकी जान चली गई। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। अस्पताल पहुंचे एसडीएम और सीओ ने इनको शांत कराया। एसडीएम ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगीm

लोहदा गांव निवासी अजय त्यागी ने बताया कि वह अपनी पत्नी अश्विनी दिनकर को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार की सुबह जिला अस्पताल लेकर आया था। उसने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने पहले तो उसकी पत्नी को देखने से इंकार किया और बाद में रुपए की मांग की।

महिला के परिजनों का आरोप है कि पहले उन्होंने फोन पे से पैसा देने की बात कही और जब चिकित्सक नहीं माने तो नगद पैसा भी दिया। प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ी तो वार्ड में ऑक्सीजन की व्यवस्था न होने की वजह से हालत गंभीर होती चली गई। परिजन चिल्लाते रहे पर न तो किसी डॉक्टर और न नर्सों ने सुनी। जब तब परिजन सिलेंडर की व्यवस्था करते महिला की सांसें थम चुकी थीं।

महिला की मौत होते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर एसडीएम राजबहादुर सीओ के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। हालांकि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के किसी भी अधिकारी या चिकित्सक ने चुप्पी साध रखी है। वहीं एसडीएम ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-अयोध्या: फंदे से लटका मिला युवक का शव

संबंधित समाचार