बरेली: कटा कनेक्शन चालू मिला तो जेई और लाइनमैन पर कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। कटे कनेक्शन पर कटिया डालकर बिजली जलाने के मामलों का खुलासा होने के बाद शहर अधीक्षण अभियंता गंभीर हो गए हैं। उन्होंने साफ हिदायत दी है कि कटा कनेक्शन चालू मिला तो जेई और लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विजिलेंस टीम ने करीब 40 घरों में बिजली चोरी पकड़ी थी। बिजली …
बरेली, अमृत विचार। कटे कनेक्शन पर कटिया डालकर बिजली जलाने के मामलों का खुलासा होने के बाद शहर अधीक्षण अभियंता गंभीर हो गए हैं। उन्होंने साफ हिदायत दी है कि कटा कनेक्शन चालू मिला तो जेई और लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विजिलेंस टीम ने करीब 40 घरों में बिजली चोरी पकड़ी थी। बिजली बिल जमा न होने की वजह से सभी के कनेक्शन काटे गए थे लेकिन कटिया डालकर लोग बिजली जलाते मिले थे। इसकी रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता के पास पहुंची तो उन्होंने सख्ती दिखाई है।
कोरोना काल से पहले जिले में बिजली चोरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। लाकडाउन के बाद अभियान ठप हो गया। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पिछले दिनों सभी जिलों के विजिलेंस थाना प्रभारी के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर जिले में बिजली चोरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर कनेक्शन काटने के निर्देश दिए थे। उसके बाद जिले में विजिलेंस टीम ने ताबड़तोड़ अभियान चलाकर एक सप्ताह में 40 ऐसे घरों में बिजली चोरी पकड़ी। जो बगैर कनेक्शन के कटिया डालकर या फिर बकाया राशि जमा न होने पर काटे गए कनेक्शन के बावजूद चोरी छिपे बिजली जला रहे थे।
विजिलेंस की रिपोर्ट के बाद बिजली विभाग के शहर अधीक्षण अभियंता नंद किशोर मिश्र ने बताया कि अब अगर आगे से किसी भी क्षेत्र में कनेक्शन काटने के बाद बिजली जलती हुई मिली तो संबधित क्षेत्र के अवर अभियंता और लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाही की जाएगी।
