बरेली: ट्रैक्टर-ट्राली में बस ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बिथरीचैनपुर के बड़ा बाईपास के पास शुक्रवार को सुबह पांच बजे दुखद हादसा हो गया। फरीदपुर से ईटें लेकर बरेली आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल …

बरेली,अमृत विचार। बिथरीचैनपुर के बड़ा बाईपास के पास शुक्रवार को सुबह पांच बजे दुखद हादसा हो गया। फरीदपुर से ईटें लेकर बरेली आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

फरीदपुर के देवनियां गांव निवासी मृतक रामसरन (30 वर्ष) पुत्र नेतराम गांव के शमा टाटा भट्टे की ट्रैक्टर-ट्राली पर ईंट भराई का काम करता था। शुक्रवार को वह गांव के रहने वाले लक्ष्मण, बलबीर व बंटू के साथ ईटें लादकर फरीदपुर आ रहा था। ट्रैक्टर लक्ष्मण चला रहा था। सुबह करीब पांच बजे के समय वे बिथरी चैनपुर के बड़ा बाईपास पर पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार एक बस ने ट्राली में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राली रोड पर पलट गई। इसमें ईटों के ढेर में फंसकर रामसरन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लक्ष्मण, बलबीर व बंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। रामसरन के भाई मनीष ने बताया कि उनके माता-पिता की मौत हो चुकी है। राम सरन की पत्नी का नाम नेम कुमारी व उनके तीन बेटे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

संबंधित समाचार