शाहजहांपुर: तीसरे दिन लगातार बारिश से हर तरफ पानी, जनजीवन अस्त-व्यस्त
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में लगातार हो रही बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी बारिश से किसान तो बर्बाद हो ही गए साथ ही मजदूरों को पिछले तीन दिनों से मजदूरी नहीं मिली, तो वहीं फेरीवाले भी बारिश के चलते घर से नहीं निकल सके, जिनके आगे अब खाने का संकट है। ये भी …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में लगातार हो रही बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी बारिश से किसान तो बर्बाद हो ही गए साथ ही मजदूरों को पिछले तीन दिनों से मजदूरी नहीं मिली, तो वहीं फेरीवाले भी बारिश के चलते घर से नहीं निकल सके, जिनके आगे अब खाने का संकट है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अमृत विचार का राष्ट्रीय कवि सम्मेलन-मुशायरा स्थगित, बारिश चलते लिया फैसला
जिले में शनिवार को बारिश से जनपद के कुछ सरकारी दफ्तर परिसर में जलभराव हो गया तो वहीं निचले मोहल्लों में पानी भरने से लोगों को जूझना पड़ा। कई मोहल्लों में फाल्ट होने की वजह से बिजली संकट का भी सामना करना पड़ा। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान धान की पैदावार करने वाले किसानों को उठाना पड़ा। अधिकांश किसानों की धान की तैयार फसल बारिश में भीग गई, वहीं आलू, तिल्ली आदि फसलें भी बारिश की वजह से प्रभावित हुई हैं।
जिले में तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते मोहल्ला लाला तेली बजरिया, सुभाषनगर, लोधीपुर, मोहल्ला हद्दफ, मोहल्ला मोहम्मद जई आदि मोहल्लों में जलभराव स्थित बनी रही। सबसे ज्यादा बुरा हाल मोहल्ला मोहम्मद जई का रहा। यहां तो बिना बरसात के ही पानी भरा रहता है, अब बारिश में तो स्थिति काफी दयनीय हो गई।
मस्जिद वाली गली में पानी लबालब नजर आया, जिसकी वजह से कुछ निचले घरों में पानी भी भर गया। वहीं लाला तेली बजरिया में भी पानी निकास की उचित व्यवस्था न होने से मोहल्ला वासियों को घंटों जूझना पड़ा। नगर निगम, जिला खादीग्रामोद्योग आदि कुछ कार्यालय परिसर में जलभराव हो गया। गनीमत रही पानी ज्यादा अंदर नहीं गया, नहीं तो फाइलें व अन्य सामान भीग जाता।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: विप्र बंधुओं ने शास्त्र के साथ किया शस्त्रों का पूजन, भव्य आयोजन में जुटे सैकड़ों लोग
