मुरादाबाद : फिजा में गूंजा सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा
मुरादाबाद,अमृत विचार। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शानो-शौकत के साथ निकाला गया। शहर के जीआईसी चौराहा से शुरू हुआ जुलूस-ए-मोहम्मदी जामिया नईमिया मदरसे पर पहुंचा, जहां मुफ्ती अय्युब खां नईमी ने दुआ के साथ जुलूस का समापन किया। जुलूस में सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा की सदायें बुलंद हुई। हजरत मोहम्मद साहब की …
मुरादाबाद,अमृत विचार। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शानो-शौकत के साथ निकाला गया। शहर के जीआईसी चौराहा से शुरू हुआ जुलूस-ए-मोहम्मदी जामिया नईमिया मदरसे पर पहुंचा, जहां मुफ्ती अय्युब खां नईमी ने दुआ के साथ जुलूस का समापन किया। जुलूस में सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा की सदायें बुलंद हुई।
हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन मुसलमान अपने नबी की आमद की खुशी में जुलूस निकालते है। रविवार शाम अस्र की नमाज के बाद शहर के जीआईसी चौराहे पर आयोजित जलसे को उलेमा ने खिताब किया। नायब शहर इमाम सैय्यद फहद अली ने कहा कि अल्लाह के नबी ने दुनिया को अमन-शांति का पैगाम दिया। इसलिए हम लोगों को चाहिए कि हम लोग अल्लाह के नबी के बताए रास्ते पर चलकर पांच वक्त की नमाज पढ़ें और उनकी बताई सुन्नतों पर अमल करें।
जलसे के बाद शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आजाद, सांसद डा. एसटी हसन, मुफ्ती अब्दुल मन्नान कलीमी, मुफ्ती दानिश उल कादरी, देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी, असलम पंचायती व कशिश वारसी और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना हुआ। जहां से जुलूस मंडी चौक, अमरोहा गेट, चौमुखापुल, गंज बाजार, नीम का प्याऊ, लाल मस्जिद, फीलखाना, तहसील स्कूल, चौकी हसन खां व दीवान का बाजार होते हुए जामिया नईमिया मदरसे पर जाकर संपन्न हुआ। इस बीच जुलूस में लोग हरे झंडे लेकर सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा के नारे लगाते हुए चल रहे थे। घोड़े पर छोटे-छोटे बच्चे भी जुलूस में शामिल हुए। लाल मस्जिद, फीलखाना व तहसील स्कूल पर सामाजिक संगठनों द्वारा जुलूस का स्वागत भी किया गया।
शहर में दिनभर चला लंगर
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर रविवार की सुबह से लंगर का सिलसिला शुरू हो गया था। शहर के तहसील स्कूल, मोहल्ला अंडे वालान, चौकी हसन खां, मोती बाग, ठठेरा मोहल्ला व चक्कर की मिलक समेत अन्य स्थानों पर लंगर का आयोजन हुआ। इसके साथ ही काफी लोग ईद मिलादुन्नबी के मौके पर रेलवे स्टेशन के बाहर गुजर-बसर करने वाले लोगों के लिए लंगर लेकर पहुंचे और उन्हें खाना खिलाया।
इस बार जुलूस में शामिल नहीं हुए वाहन और डीजे
जुलूस-ए-मोहम्मदी में इस बार वाहन व डीजे शामिल नहीं हुए। जुलूस की अगुवाई करने वाली कमेटी मरकजी जमीअत अहले सुन्नत के नायब सदर मुफ्ती दानिश उल कादरी ने 10 दिन पहले ही इस बार का ऐलान कर दिया था कि इस बार जुलूस में वाहन व डीजे शामिल नहीं होंगे। जुलूस में आने वाले सभी लोग इस पर अमल और शांति का पैगाम दे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दो राजकीय इंटर कॉलेजों में बनेगी अटल टिंकरिंग लैब, इतने लाख रुपये होंगे खर्च
