हमीरपुर: जोश और उमंग से निकाला गया मोहम्मदी जुलूस
हमीरपुर, अमृत विचार। शहर सहित कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) के मौके पर जुलूस ए मोहम्मदी पूरे जोश व उमंग के साथ निकाला गया। जुलूस का जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया। नगर निकायों के संभावित प्रत्याशियों ने स्टाल लगाकर शरबत व मिठाई आदि वितरित की। लोग हाथों में हरे परचम के …
हमीरपुर, अमृत विचार। शहर सहित कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) के मौके पर जुलूस ए मोहम्मदी पूरे जोश व उमंग के साथ निकाला गया। जुलूस का जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया। नगर निकायों के संभावित प्रत्याशियों ने स्टाल लगाकर शरबत व मिठाई आदि वितरित की। लोग हाथों में हरे परचम के साथ नजर आए।
शहर के सूफीगंज इमाम चौक से एकत्र होकर किंग रोड से विद्या मंदिर रोड होते हुए सुभाष बाजार, खालेपुरा, रहुनियां धर्मशाला, अमन शहीद होते हुए इमाम चौक मैदान पर संपन्न हो गया। जुलूस में घोड़े, भांगड़ा, डीजे, बग्घी, झांकियां आदि शामिल रहे। उधर मौदहा के जामा मस्जिद से जुलूस निकाला गया, जो कस्बे की मुख्य गलियों से होता हुआ पुनः अपने गंतव्य जामा मस्जिद में फातिहा और सलातो सलाम के साथ संपन्न हुआ। जुलूस में मदरसों के बच्चे और मौलाना लगातार नातपाक गाते हुए चले। इस दौरान जगह जगह भारी लंगर का आयोजन किया गया।
भरुआसुमेरपुर कस्बे में जुलूस ए मोहम्मदी नेहा नर्सिंग होम से बस स्टैंड होते हुए निकला। मोहम्मदी जुलूस के अध्यक्ष डॉ.इमाद ने जुलूस की शुरुआत की। उन्होंने जुलूस में शामिल हिंदू धर्म के बल्लू दीक्षित, देवेंद्र पालीवाल, मानसिंह, रमाशंकर यादव सहित सभी इमामों, हाफिजों के साथ सुरक्षा में लगे सदर एसडीएम रवींद्र सिंह व सीओ रविप्रकाश सिंह तथा थानाध्यक्ष को माला पहनाकर स्वागत किया। कुछ युवा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को लहराते हुए नजर आए। व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू सहित चेयरमैन पद के संभावित प्रत्याशियों ने स्टाल लगाकर लोगों का स्वागत कर शरबत, पानी, मिठाई खिलाई।
ये भी पढ़ें-बांदा: कौमी एकता का संदेश देता तिरंगे रंग का निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
