देश में कोरोना मामले साढ़े आठ लाख के करीब, रिकवरी दर 63 फीसदी
नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले शनिवार को 8.44 लाख के आंकड़े को पार कर गये। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर करीब 63 फीसदी पहुंच गयी है। अब तक 5.32 लाख से अधिक लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं। देश …
नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले शनिवार को 8.44 लाख के आंकड़े को पार कर गये। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर करीब 63 फीसदी पहुंच गयी है। अब तक 5.32 लाख से अधिक लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं। देश में शनिवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.83 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.68 प्रतिशत रही।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 8,47,575 मामलों की शनिवार रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 8,20,916 थी। अब तक कुल 5,32,532 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 22,659 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 2,92,004 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या 2.43 लाख से अधिक है।
देश में कोरोना वायरस की जांच की गति तेजी से बढ़ाई जा रही है। फिलहाल देश के 1180 लैब कोरोना नमूनों की जांच कर रहे हैं। इन सभी लैब ने मिलकर पिछले 24 घंटे में 282511 नमूनों की जांच की। इस तरह अब तक 11307002 लोगों के स्वाब के नमूनों की जांच हो चुकी है।
कोरोना महामारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में संंक्रमण के रिकाॅर्ड 8139 नये मामले दर्ज किये गये और 223 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या संख्या शनिवार की रात बढ़कर 2,46,600 पर पहुंच गयी और मृतकों की संख्या बढ़कर 9667 हो गयी है तथा राज्य में अब तक 1,36,985 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।
संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंचे तमिलनाडु में संक्रमितों की संख्या पहले ही एक लाख के पार हो गई थी, पिछले 24 घंटों में संक्रमितों की संख्या 3965 रिकॉर्ड मामले सामने आने के बाद 134226 पर पहुंच गयी है और इसी अवधि में 69 लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 1898 हो गयी है। राज्य में 85915 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी ने कहर बरपा रखा है और यहां संक्रमितों की संख्या गुरुवार को ही एक लाख के आंकड़े को पार कर गयी थी। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1781 नये मामलों से कुल संक्रमित 1,10,921 हो गए। इस दौरान 34 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 3334 हो गयी है। राजधानी में अब तक 87,692 मरीज रोगमुक्त हुए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 41,027 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2,033 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 28,685 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 10,309 हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 35,092 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 913 लोगों की मौत हुई है जबकि 22,689 मरीज स्वस्थ हो गए है। पश्चिम बंगाल में 28,453 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 906 लोगों की मौत हुई है और अब तक 17,959 लोग स्वस्थ हुए हैं।
दक्षिण भारतीय राज्यों में तेलंगाना में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है यहां संक्रमितों की संख्या 32,224 हो गयी है, 339 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 19,205 लोग बीमारी से ठीक हो चुके है। कर्नाटक में 36,216 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 615 लोगों की इससे मौत हुई है।
राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 23,344 हो गयी है और अब तक 499 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17,634 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। आंध्र प्रदेश में 27,235 लोग संक्रमित हुए हैं तथा मरने वालों की संख्या 309 हो गयी है। हरियाणा में 20,582 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 297 लोगों की इस महामारी से मौत हुई है।
इस महामारी से मध्य प्रदेश में 644, पंजाब में 195, जम्मू-कश्मीर में 159, बिहार में 118, उत्तराखंड में 46, ओडिशा में 79, केरल में 30 , झारखंड में 23, छत्तीसगढ़ में 17, असम में 37, पुड्डुचेरी में 18, हिमाचल प्रदेश में 10, गोवा में नौ, चंडीगढ़ में आठ, जबकि दादर नगर हेवली और लद्दाख में एक-एक तथा मेघालय और त्रिपुरा में दो-दो व्यक्ति की मौत हुई है।
