पीलीभीत: हत्या और खुदकुशी के रहस्य से उठेगा पर्दा, एक्सपर्ट की रिपोर्ट तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। हत्या और खुदकुशी के बीच फंसी शहर के व्यापारी पवन गोयल की मौत की गुत्थी अब जल्द सुलझ जाएगी। बीते माह लखनऊ से आए फारेंसिक एक्सपर्ट ने अपनी रिपोर्ट बनाकर तैयार कर ली है। इसके मिलने के बाद दर्ज की गई हत्या की रिपोर्ट की विवेचना को गति दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों …

पीलीभीत, अमृत विचार। हत्या और खुदकुशी के बीच फंसी शहर के व्यापारी पवन गोयल की मौत की गुत्थी अब जल्द सुलझ जाएगी। बीते माह लखनऊ से आए फारेंसिक एक्सपर्ट ने अपनी रिपोर्ट बनाकर तैयार कर ली है। इसके मिलने के बाद दर्ज की गई हत्या की रिपोर्ट की विवेचना को गति दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने फारेंसिक लैब के जिम्मेदारों से संपर्क साधकर जानकारी जुटाई। अब एक्सपर्ट की रिपोर्ट मिलने का इंतजार है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पीआरडी जवान समेत दो लोगों की संदिग्ध हालात में मौत

घटना 19 मई की रात हुई थी। शहर के मोहल्ला आसफजान के निवासी भाजपा नेता अरुण गोयल के भाई सराफा व्यापारी पवन गोयल तकादा करने के लिए घर से निकले थे। चंद घंटे बाद ही उनका शव टनकपुर हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र में कचहरी से आगे किनारे अपनी ही कार में मिला था। कार स्टार्ट थी और व्यापारी को गोली लगी हुई थी।

एसपी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और पहले से जमा व्यापारियों की भीड़ को जल्द खुलासा करने का आश्वासन देकर शांत कराया था। उसी रात मृतक के की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कर ली गई थी। खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई। काफी सुरागरसी के बाद जो साक्ष्य पुलिस को मिले, उससे खुदकुशी की ओर इशारा कर दिया गया था। व्यापारी का लाइसेंसी असलहा भी उसी कार से बरामद हुआ था। असलहा समेत कई चीजों को परीक्षण के लिए भेज दिया गया था।

हत्या और खुदकुशी के बीच फंसी गुत्थी को दिशा देने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ से एक्सपर्ट आनंद कुमार और कायम सिंह शनिवार को पीलीभीत पहुंचे थे। परिवार और पुलिस की मौजूदगी में घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया। इसके बाद टीम वापस हो गई थी।

पांच माह बाद अब इस मुकदमे की विवेचना को गति मिल सकेगी। फारेंसिक एक्सपर्ट ने अपनी की गई पड़ताल के बाद रिपोर्ट तैयार की है। जिसके आधार पर अब रहस्य से पर्दा उठ सकेगा। इसे लेकर एफएसएल के जिम्मेदारों से दूरभाष पर संपर्क भी साधा गया है। माना जा रहा है कि एक दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी।

पवन गोयल हत्याकांड की विवेचना अभी चल रही है। फारेंसिक एक्सपर्ट ने आकर क्राइम सीन रीक्रिएट किया था। जिसकी रिपोर्ट बनकर तैयार हो गई है। एक्सपर्ट की रिपोर्ट जल्द प्राप्त हो जाएगी, उसी के आधार पर विवेचना को गति दी जाएगी।- सुनील दत्त, सीओ सिटी।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: चार साल पहले बनी पुल की एप्रोच सड़क धंसी, आवागमन बंद

 

संबंधित समाचार