वारदात : रेलवे ट्रैक पर मिला गेटमैन का शव, हत्या की आशंका
अमृत विचार, कूरेभार/ सुल्तानपुर । थाना क्षेत्र के सहरी लोकेपुर गांव के निकट रेलवे ट्रेक पर बुधवार की भोर एक युवक का शव मिला। स्टेशन मास्टर की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराया, जिसकी पहचान रेलवे कर्मचारी गेटमैन के रूप में हुई। मृतक की मां ने पत्नी समेत ससुरालीजनों …
अमृत विचार, कूरेभार/ सुल्तानपुर । थाना क्षेत्र के सहरी लोकेपुर गांव के निकट रेलवे ट्रेक पर बुधवार की भोर एक युवक का शव मिला। स्टेशन मास्टर की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराया, जिसकी पहचान रेलवे कर्मचारी गेटमैन के रूप में हुई। मृतक की मां ने पत्नी समेत ससुरालीजनों पर हत्या करने की तहरीर दी है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के अयोध्या-सुलतानपर रेलवे ट्रेक ओएचई पोल संख्या 41 के 2.3 के मध्य पर एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। रेलवे ट्रेक पर पड़े शव की सूचना कूरेभार रेलवे स्टेशन मास्टर ने पुलिस को दी। सब इंस्पेक्टर श्रीराम मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां शव की शिनाख्त रेलवे कर्मचारी प्रदीप मिश्रा पुत्र स्व. बेचू प्रसाद मिश्र निवासी सरैया मझौवा थाना कूरेभार के रूप में हुई।
मृतक कटका रेलवे फाटक पर गेटमैन के पद पर तैनात था और अपने परिवार के साथ कूरेभार रेलवे स्टेशन के पास बने सरकारी आवास में रहता था। मृतक की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व धोबियाभार थाना धनपतगंज गांव निवासी राजीव पाठक की पुत्री रीना के साथ हुई थी। जिनको दो बच्चों में बड़ी पुत्री नैन्सी 9 वर्ष व पुत्र नैतिक 5 वर्ष है।
मां पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की शादी के करीब पांच वर्ष बाद पिता बेचू प्रसाद मिश्र की बीमारी के चलते मौत हो गयी। पिता की मौत के बाद पत्नी शांति देवी अपने दो बेटों प्रदीप व शुभम के साथ रहती थी। शादी के करीब सात वर्ष बाद मृतक प्रदीप को रेलवे में नौकरी मिली तो मृतक की मां शांति देवी को एक बार फिर जीने की आस जगी। मृतक का छोटा भाई शुभम दिल्ली में नौकरी करता है। बड़े बेटे की मौत के बाद एक बार फिर वृद्धा शांति देवी पर पहाड़ टूट पड़ा।
परिवारजनों का आरोप है कि मृतक ने लाखों रुपया कर्ज लेकर कूरेभार कस्बे में एक यूनिक बाजार के नाम से माल बाजार खुलवाया था। जिसकी देखरेख ससुरालीजनों के हाथों में थी। व्यापार में नुकसान होने के चलते उसे बंद करना पड़ा। मृतक कर्ज को लेकर काफी परेशान था। जिसके बाद उसने दिल्ली में बने आवास पर कर्ज लेकर लोगों को रुपया वापस किया। अभी हाल में मृतक प्रदीप ने एक ब्रेजा कार लोन पर खरीदा जो ससुराल वालों के पास है।
बेटे की मौत के बाद पीड़िता मां शांति देवी ने घटना में पत्नी समेत ससुराली जनों पर हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक कूरेभार लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- हत्या की आशंका : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मिली लाश, पति फरार
