साजिश : भाजपा नेता पर ट्रक से हमला, क्षतिग्रस्त हुआ वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम के महापौर चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपा कार्यकर्ता मित्र मंच प्रमुख शरद पाठक पर ट्रक से हमले का मामला प्रकाश में आया है। हमले में मकान का गेट और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए तहरीर अयोध्या कोतवाली पुलिस को दी गई है। श्री पाठक …

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम के महापौर चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपा कार्यकर्ता मित्र मंच प्रमुख शरद पाठक पर ट्रक से हमले का मामला प्रकाश में आया है। हमले में मकान का गेट और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए तहरीर अयोध्या कोतवाली पुलिस को दी गई है।

श्री पाठक का कहना है कि मंगलवार की रात लगभग 10:30 बजे वह लखनऊ से वापस अंबेडकरनगर रोड के देवकाली बाईपास स्थित घर लौटे और मकान के गेट में ताला बंद कर अंदर चले गये। 10-15 मिनट बाद तेज आवाज हुई तो सीसीटीवी में देखा कि एक 12 चक्का ट्रक गेट, स्कॉर्पियो और कार को टक्कर मारते हुए दर्शन नगर की तरफ जा रहा है।

आवाज पर परिवार तथा आसपास के लोग बाहर निकल आये तथा उन्होंने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इस दौरान तेजी से वापस लौटे ट्रक ने उनको तथा साथ खड़े लोगों को जान से मारने की नियत से कुचलने की कोशिश की। हालांकि मौजूद लोगों तथा निजी सुरक्षाकर्मियों के हस्तक्षेप के चलते ट्रक देवकाली बाईपास की ओर निकल गया। भाजपा नेता ने अपनी व परिवार की हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कारवाई तथा सुरक्षा की मांग की है।

प्रभारी निरीक्षक अयोध्या कोतवाली मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में यह बात प्रकाश में आई है कि एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से लडा और इनके मकान में जा टकराया। हादसे के बाद मालिक ने वापस बुला लिया, इसलिए चालक ट्रक लेकर आ रहा था। इनको आशंका है कि साजिश के तहत कुचलने का प्रयास हुआ। फिलहाल शिकायत पर पूरे मामले की गहराई से छानबीन कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:- गाजियाबाद: भाजपा विधायक का दावा, मेरे चुनावी कार्यालय पर हुआ आतंकी हमला

संबंधित समाचार