जौनपुर: मुख्तार अंसारी के करीबी कारोबारी की पौने चार करोड़ की संपत्ति कुर्क
जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर घटना के बाद राज्य के कुख्यात अपराधियों एवं उनके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जौनपुर जिले में पूर्वांचल के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी मछली कारोबारी की करीब पौने चार करोड़ की संपत्ति को कुर्क कर लिया गया। जिला प्रशासन …
जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर घटना के बाद राज्य के कुख्यात अपराधियों एवं उनके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जौनपुर जिले में पूर्वांचल के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी मछली कारोबारी की करीब पौने चार करोड़ की संपत्ति को कुर्क कर लिया गया। जिला प्रशासन ने इस पर आपत्ति दायर करने के लिए तीन माह का समय दिया गया है। संपत्ति की देखरेख के लिए तहसीलदार सदर को नामित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कोतवाली क्षेत्र के जोगियापुर मोहल्ले से तीन जुलाई की रात एक ट्रक अवैध मछली के साथ कोतवाली पुलिस ने रवींद्र निषाद और उसके साथी आंध्र प्रदेश के रहने वाले वी नारंग राव को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ के बाद यह तथ्य सामने आया कि रवींद्र निषाद बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के संरक्षण में लंबे समय से मछली का अवैध कारोबार कर रहा है।इस कारोबार के लिए उसने न कोई लाइसेंस लिया था और न ही कहीं पंजीकरण कराया था। जिससे उसने कुछ समय में करोड़ों की चल-अचल संपत्ति जुटा ली।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने नगर पालिका, बैंक और तहसील से संपत्ति का ब्योरा जुटाकर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने 3.71 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था।
उन्होंने बताया कि आदेशानुसार पुलिस, पीएसी की मौजूदगी में पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉक्टर संजय कुमार ने रवींद्र निषाद के दो मकान, एक शॉपिंग कांप्लेक्स, दो पिकअप गाड़ी और बैंक में जमा 14 लाख रुपए को जब्त कर लिया। इस बीच श्री कुमार ने बताया कि, मुनादी कराकर रवींद्र की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को कब्जे में लिया गया है। वह बाहुबली मुख्तार अंसारी का करीबी है। पिछले हफ्ते भी 12 लाख रुपए की मछली और ट्रक को भी कब्जे में लिया गया था।
