कार्रवाई : धोखाधड़ी में बसपा नेता के ब्लाक प्रमुख भाई गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार फर्रुखाबाद। बसपा नेता अनुपम दुबे के ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन को पुलिस ने धोखाधड़ी के मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया है। तीन लोगों ने फर्जी अभिलेखों से जबरन जमीन हड़पने, जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। ब्लाक प्रमुख जिला बदर चल रहे थे। फतेहगढ़ के …

अमृत विचार फर्रुखाबाद। बसपा नेता अनुपम दुबे के ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन को पुलिस ने धोखाधड़ी के मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया है। तीन लोगों ने फर्जी अभिलेखों से जबरन जमीन हड़पने, जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। ब्लाक प्रमुख जिला बदर चल रहे थे।

फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता अनुपम दुबे गैंगस्टर एक्ट के मामले में मैनपुरी जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ इंस्पेक्टर व ठेकेदार की हत्या करने का मुकदमा भी चल रहा है। अनुपम के भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन मोहम्मदाबाद के ब्लाक प्रमुख हैं। सपा के पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव के पुत्र मोहन कुमार ने जुलाई 2022 में अनुपम दुबे, उनके ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, अभिषेक दुबे व अज्ञात लोगों खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।

इसमें ठंडी सड़क स्थित उनकी जमीन को फर्जी अभिलेखों से हड़प कर कब्जा करने, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। कब्जा की जमीन पर गुरुशरणम पैलेस होटल का निर्माण कराया है। इसके अलावा दो अन्य ने भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज कराए गए थे। ब्लाक प्रमुख और उनके भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी संजय कुमार ने गुंडएक्ट में छह माह के लिए जिला बदर किया था। डीएम ने मोहम्मदाबाद ब्लाक प्रमुख पद पर प्रशासक नियुक्त कर दिया था।

एसओजी प्रभारी अशोक कुमार व शहर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने 13 अक्तूबर को मुखबिर की सूचना पर एटा में दबिश देकर मलावन टोला प्लाजा के पास ब्लाक प्रमुख अमित दुबे को पकड़ लिया। वह धोखाधड़ी के मुकदमे में फरार चल रहे थे। उनके पास से एक कार बरामद हुई। कागज न होने पर कार को सीज कर दिया। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी ब्लाक प्रमुख अमित दुबे उर्फ बब्बन के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। कोर्ट में पेशी के बाद अमित दुबे को जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- धोखाधड़ी : मैट्रिमोनी पर शादी का झांसा देने वाला जालसाज गिरफ्तार

संबंधित समाचार