FIFA U-17 Women’s World Cup : थॉमस डेनर्बी बोले- हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं, लड़कियों से खुलकर खेलने की उम्मीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भुवनेश्वर। भारतीय महिला अंडर-17 फुटबॉल टीम के कोच थॉमस डेनर्बी ने ब्राज़ील के खिलाफ मैच से पहले रविवार को कहा कि भारत के पास अब हारने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह लड़कियों से खुलकर खेलने की उम्मीद कर रहे हैं। फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप का मेज़बान भारत ग्रुप लीग के मुकाबलों में …

भुवनेश्वर। भारतीय महिला अंडर-17 फुटबॉल टीम के कोच थॉमस डेनर्बी ने ब्राज़ील के खिलाफ मैच से पहले रविवार को कहा कि भारत के पास अब हारने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह लड़कियों से खुलकर खेलने की उम्मीद कर रहे हैं। फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप का मेज़बान भारत ग्रुप लीग के मुकाबलों में अमेरिका (0-8) और मोरक्को (0-3) से हारने के बाद पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। भारत को अपने आखिरी मैच में सोमवार को ब्राज़ील का सामना करना है।

‘अब हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं…’

कोच थॉमस डेनर्बी ने मैच से पहले कहा, “जब हमारे पास बॉल हो तब हमें आराम से खेलना शुरू करना चाहिए। हमें आत्मविश्वास के साथ थोड़ा और खेलने की ज़रूरत है। अब हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। उम्मीद है कि लड़कियां खुलकर खेलना शुरू करेंगी।” ब्राज़ील की सीनियर महिला टीम को हालिया फीफा रैंकिंग में नौंवे स्थान पर रखा गया है। डेनरबी ब्राज़ील की प्रतिष्ठा को जानते हैं, लेकिन उन्हें यह भी लगता है कि भारतीय लड़कियां पिच पर अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं।

‘फुटबॉल सिर्फ डिफेंस पर ही केंद्रित नहीं है’

उन्होंने कहा, “हमें डिफेंड करने पर ध्यान देने की आवश्यकता है लेकिन हम यह भी जानते हैं कि फुटबॉल सिर्फ डिफेंस पर ही केंद्रित नहीं है। टूर्नामेंट में गोल करना भी हमारे लिए अच्छा होगा। आशा है कि हम एक और अच्छा प्रदर्शन दे सकते हैं। ब्राज़ील एक अच्छी टीम है और हम यह भी जानते हैं कि वह नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह बनाने के लिए लड़ रहे हैं। इसलिये मुझे लगता है कि वह पूरी तरह आक्रामक खेल खेलेंगे।”

‘हम लड़ेंगे और गोल करने की कोशिश करेंगे’

थॉमस डेनर्बी ने कहा कि भारतीय लड़कियां ब्राजील के खिलाफ अपने सम्मान के लिए खेलने को तैयार हैं। स्वीडन के 64 वर्षीय कोच ने कहा, “हम लड़ेंगे और गोल करने की कोशिश करेंगे। एक गोल के साथ इस टूर्नामेंट को अलविदा कहना अच्छा होगा। हमने विपक्षी टीम के गोल के करीब होने वाले अंतिम पास पर काम किया है। फ़ुटबॉल में यह सीखना सबसे कठिन है कि उस तरह की स्थिति को कैसे संभालना है।

थॉमस डेनर्बी कहा, “लड़कियों को निर्णय लेने की बेहतर समझ की आवश्यकता है। हमें उन महत्वपूर्ण क्षणों में कौशल पर थोड़ा काम करना होगा, क्योंकि अंत में सभी मैचों का परिणाम गोल के समीप बॉक्स में ही तय होता है।” भारत की सीनियर राष्ट्रीय महिला टीम नवंबर 2021 में ब्राजील के खिलाफ खेली थी और 1-6 से हार गई थी। कोच का मानना ​​है कि ब्राजील के सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों की खेल शैली में समानता है। थॉमस डेनर्बी ने कहा, “इस टीम की खेल शैली समान है। बेशक, वे अभी उतने कुशल नहीं हैं, लेकिन जब आप 17 साल के होते हैं तो यह सामान्य है। मैं कहूंगा कि युवा टीम के खिलाफ खेलना और भी कठिन है, क्योंकि एक सीनियर टीम में आपके पास अपने देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होते हैं। जब आप आयु वर्ग के लिए खेलते हैं, तो आपको एक विशेष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को ही चुनना होता है।

उन्होंने कहा, “ब्राजील में वे बहुत कम उम्र से फुटबॉल खेलना शुरू कर देते हैं जो एक बहुत बड़ा फायदा है। उम्मीद है कि कल हम उन्हें दिखा सकते हैं कि भारत में भी हमारे पास अच्छी शुरूआती एकादश है।” स्ट्राइकर लिंडा कॉम का भी मानना ​​है कि ब्राज़ील के साथ मैच टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने और मजबूत विरोधियों के खिलाफ अच्छा फुटबॉल खेलने का एक अवसर है। लिंडा ने कहा, “हम ब्राजील के खिलाफ स्कोर करना चाहते हैं और मजबूत प्रदर्शन करना चाहते हैं। हम हार नहीं मानेंगे और अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलेंगे क्योंकि यह मौजूदा विश्व कप में हमारा आखिरी मैच होगा।

ये भी पढ़ें : ICC T20 World Cup: टी20 क्रिकेट विश्वकप की वो बातें जो आपको नहीं पता होंगी!

संबंधित समाचार