बरेली: हर सप्ताह शुक्रवार रात 10 बजे से 55 घंटे का रहेगा लाकडाउन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 एवं संचारी रोगों के रोकथाम के लिए शासन ने प्रभावी कदम उठाते हुए शुक्रवार रात 10 बजे से लेकर सोमवार सुबह 5 बजे तक लाकडाउन रखने का आदेश जारी कर दिया है। आवश्यक सेवाओं एवं बैंकों को छोड़कर अन्य सभी कुछ बंद रहेगा। राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों का आवागमन …

बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 एवं संचारी रोगों के रोकथाम के लिए शासन ने प्रभावी कदम उठाते हुए शुक्रवार रात 10 बजे से लेकर सोमवार सुबह 5 बजे तक लाकडाउन रखने का आदेश जारी कर दिया है। आवश्यक सेवाओं एवं बैंकों को छोड़कर अन्य सभी कुछ बंद रहेगा।

राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों का आवागमन पूर्व की भांति यथावत जारी रहेगा। ट्रेनों से आने वाले यात्रियों के आवागमन के लिए बसों की व्यवस्था परिवहन निगम द्वारा ही की जाएगी। इसके साथ ही सब्जी व फलों की सभी मंडियां व दुकानें यथावत खुली रखने के आदेश दिए हैं।

सोमवार को मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि समस्त शहरी व ग्रामीण हाट बाजार, गल्ला मंडी, व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे। शेष दिवसों में बाजार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुलेगा। सप्ताह के अन्य दिनों में होने वाली साप्ताहिक बंदी भी शनिवार/रविवार को ही रखी जाएगी। साथ ही शनिवार व रविवार के दिन लगाए जाने वाले साप्ताहिक बाजार सोमवार से शुक्रवार के बीच किसी भी दिन लगाया जा सकता है।

ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक कारखाने (आईटी व आईटी इनाबिल्ड सर्विसेस) से जुड़े उद्योग चालू रहेंगे। माल ढोने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित नहीं है। जिला प्रशासन को लाकडाउन की अवधि में सफाई एवं स्वच्छता व स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड 19 एवं संचारी रोग सर्विलांस टीम के जरिए प्रत्येक घर में रहने वाले सभी सदस्यों की मेडिकल स्क्रीनिंग करने के लिए जो सर्विलांस अभियान चलाया जा रहा है, वह निरंतर चलता रहेगा। इनसे संबंधित कार्यालय भी खोलने की अनुमति है। निर्माण कार्य, बड़े पुल एवं सड़कें, लोक निर्माण विभाग के बड़े प्रोजेक्ट व सरकारी भवन व निजी प्रोजेक्टों का निर्माण पूर्व की तरह जारी रहेगा।

संबंधित समाचार