T20 WC 2022 : टी20 विश्वकप में उलटफेर का सिलसिला जारी, श्रीलंका को हराने वाला नामीबिया अब नीदरलैंड से हारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गीलोंग। टी-20 वर्ल्ड कप में उलटफेर का सिलसिला जारी है। क्वालिफाइंग राउंड के पहले मुकाबले में श्रीलंका को हराकर तहलका मचाने वाली नामीबिया की टीम नीदरलैंड से हार गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने नीदरलैंड के सामने 122 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में नीदरलैंड ने 19.3 ओवर में पांच विकेट …

गीलोंग। टी-20 वर्ल्ड कप में उलटफेर का सिलसिला जारी है। क्वालिफाइंग राउंड के पहले मुकाबले में श्रीलंका को हराकर तहलका मचाने वाली नामीबिया की टीम नीदरलैंड से हार गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने नीदरलैंड के सामने 122 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में नीदरलैंड ने 19.3 ओवर में पांच विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। नामीबिया की टीम ICC रैंकिंग में नीदरलैंड से बेहतर टीम है। नामीबिया की टी-20 रैंकिंग 14 है, वहीं नीदरलैंड 18वें नंबर की टीम है।

नीदरलैंड ने बास डी लीड (30 रन, दो विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन और विक्रमजीत सिंह के 39 रनों की बदौलत नामीबिया को पांच विकेट से मात दी। नामीबिया ने ग्रुप-ए मैच में नीदरलैंड को 122 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे डच टीम ने तीन गेंदें शेष रहते हुए हासिल कर लिया। नीदरलैंड 13 ओवर में 90/1 के स्कोर के साथ आसानी से लक्ष्य की ओर बढ़ रही थी, लेकिन अगले चार ओवरों में उन्होंने केवल 12 रन बनाकर चार विकेट गंवाए।

सेट बल्लेबाज मैक्स ओडॉ के रनआउट होने के बाद जेजे स्मिट ने टॉप कूपर और कॉलिन ऐकरमैन को आउट किया जबकि जैन फ्राइलिंक ने स्कॉट एडवर्ड्स का विकेट लिया जिससे मैच रोमांचक मोड़ पर आ खड़ा हुआ। इसके बाद डी लीड ने टिम प्रिंगल (09 नाबाद) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। डी लीड ने 30 गेंदों पर दो चौकों के साथ नाबाद 30 रन बनाये और आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर दो रन भागकर नीदरलैंड को विजय दिलाई।

नामीबिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी लेकिन उनकी पारी रफ्तार नहीं पकड़ सकी। फ्राइलिंक ने एक चौके और एक छक्के के साथ नामीबिया के लिए सर्वाधिक 43 रन बनाये, इसके लिये हालांकि उन्होंने 48 गेंदें खेलीं। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज माइकल वैन लिंगेन ने 20(19) और स्टेफ़न बार्ड ने 19(22) रन बनाये। नीदरलैंड ने पिछले मैच की तरह ही कसी हुई गेंदबाजी की और आखिरी पांच ओवरों में 40 रन देने के अलावा कभी भी नामीबियाई बल्लेबाजों को हाथ नहीं खोलने दिये। डी लीड ने तीन ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिये जबकि रोलोफ़ वैन डर मरवे, पॉल वैन मीकरन, कॉलिन एकरमैन और टिम प्रिंगल ने एक-एक विकेट लिया।

ये भी पढ़ें : T20 World Cup 2022 : पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम से मिले सुनील गावस्कर, बैटिंग टिप्स और ऑटोग्राफ दिया…देखें वीडियो

संबंधित समाचार