मुरादाबाद : घर में घुसकर 10 वर्षीय बालिका को मारी गोली, हालत गंभीर
मुरादाबाद,अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात घर में घुसकर 10 वर्षीय एक बालिका को गोली मारे जाने की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है। गंभीर रूप से घायल बालिका को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मूंढापांडे पुलिस फरार आरोपी की …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात घर में घुसकर 10 वर्षीय एक बालिका को गोली मारे जाने की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है। गंभीर रूप से घायल बालिका को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मूंढापांडे पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मूंढापांडे थाना प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडिया मलूकपुर निवासी सहादत दूध बेचकर परिवार का भरण पोषण करता है। सोमवार देर रात सहादत की 10 वर्षीय बेटी फरीन परिजनों संग घर में खाट पर सो रही थी। रात करीब 1:00 बजे गोली चलने की आवाज सुनी गई। गोली की आवाज व फरीन की चीख से परिजनों की नींद टूट गई। सामने तमंचे से लैस अब्दुल हसन उर्फ लल्ला खड़ा था। तमंचा लहराते हुए वह मौके से भाग निकला।
फरीन के परिजनों का आरोप है कि लल्ला में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। गोली से घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मंगलवार को चिकित्सकों ने बच्ची को मेरठ रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक गोली फरीन के पीठ से होते हुए शरीर में धंस गई है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी लल्ला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। हत्या के प्रयास का आरोपी फिलहाल फरार है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है।
कच्ची छत गिरने से तीन मासूम घायल
इधर, कुंदरकी थाना क्षेत्र के मेहलोली गांव में बारिश की वजह से जर्जर हुई कच्ची छत गिरने से तीन मासूम घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां मासूमों की हालत गंभीर बताते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दो राज्यों की पुलिस में आरोप-प्रत्यारोप, केंद्र सरकार है चुप…जानें पूरा मामला
