बरेली: जीआईसी मैदान पर पटाखा बाजार को अनुमति नहीं, व्यापारी लगवा रहे सिफारिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर तीन दिन के लिए अस्थाई पटाखा दुकानों को लेकर तय किए गए स्थलों के बाद अब व्यापारी परेशान हैं। माडल टाउन और राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर दुकानें लगाने की अनुमति के लिए कारोबारी जनप्रतिनिधियों की शरण में आ गए हैं। प्रशासन के पास सिफारिशें आनी शुरू हो गई हैं। दोबारा …

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर तीन दिन के लिए अस्थाई पटाखा दुकानों को लेकर तय किए गए स्थलों के बाद अब व्यापारी परेशान हैं। माडल टाउन और राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर दुकानें लगाने की अनुमति के लिए कारोबारी जनप्रतिनिधियों की शरण में आ गए हैं। प्रशासन के पास सिफारिशें आनी शुरू हो गई हैं। दोबारा से जांच कराने की बात कही जा रही है, लेकिन उम्मीद नहीं के बराबर है। दिवाली पर तीन दिन के लिए अस्थाई पटाखा दुकानें लगेंगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: बेटों ने वृद्ध महिला को निकाला घर से बाहर, पीड़िता ने कोतवाली में की शिकायत

सोमवार को पुलिस की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने मनोहर भूषण इंटर काॅलेज मैदान नैनीताल रोड पर 40 दुकानों, तुलसीनगर का मैदान रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सामने 40, सदर बाजार में चर्च के पास सड़क के करीब 5, रामलीला मैदान हार्टमन काॅलेज में 25 दुकानें लगाने की अनुमति जारी की गई है। इस बार सुरक्षा कारणों की वजह से माडल टाउन व राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। इसकी सूचना मिलने के बाद इन स्थानों पर दुकान लगाने की तैयारी कर रहे दुकानदारों को झटका लगा है। अब वह परेशान हैं। अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं।

यहां से उम्मीद धुंधली होते देख उन्होंने जनप्रतिनिधियों का सहारा लिया है। इसके बाद कुछ जनप्रतिनिधियों ने अफसरों को फोन कर मामले को देखने की बात कही है। अफसरों ने भी उन्हें नियम के अनुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। भले ही पटाखा दुकानों के लिए सिफारिशें आनी शुरू हो गई हों, लेकिन सूत्रों के अनुसार इन स्थानों पर दुकानों के लिए अनुमति मिलना इस बार थोड़ा मुश्किल लग रहा है। दोनों ही स्थानों पर सुरक्षा को लेकर समस्या आ रही है। यही वजह है कि अफसर कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं हैं। वह एक बार फिर से दोनों स्थानों को लेकर जांच कराने की बात कह रहे हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस की दूसरी रिपोर्ट क्या कहती है।

अनुमति नहीं मिली तो पटाखा के लिए होगी भागदौड़
प्रशासन ने जिन स्थानों पर पटाखा की दुकानें लगाने की अनुमति दी है, देखा जाए तो वह शहर के आखिरी छोर पर हैं। ऐसे में यदि जीआईसी के पास दुकान लगाने की अनुमति नहीं देता है तो लोगों को इस बार पटाखा के लिए लंबी भागदौड़ करनी पड़ेगी, इससे लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है।

मॉडल टाउन के पास स्टेडियम के पीछे आबादी है। दुकानें पीछे ही लगती है। खतरे की आशंका है। जीआईसी के पास भी निर्माण कार्य चल रहा है। स्थान भी नहीं है। इसलिए अनुमति नहीं दी गई है। देखते हैं। पुलिस की पहली रिपोर्ट पक्ष में नहीं थी। एक बार दोबारा जांच करा ली जाएगी।- डा. आरडी पांडेय, एडीएम सिटी

ये भी पढ़ें- बरेली: केशलता कॉलेज ऑफ फार्मेसी में नेशनल फार्मेसी वीक शुरू, छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

संबंधित समाचार