बरेली: सोबती के अवैध निर्माण पर चला बीडीए का बुलडोजर, टीम ने शुरू की कार्रवाई तो दिए 50-50 लाख के चेक
बरेली, अमृत विचार। बीडीए ने गुरुवार को शहर में बड़ी कार्रवाई की तो खाते में एक करोड़ का राजस्व भी प्राप्त हो गया। शहर के बड़े बिल्डर ने ग्रीन पार्क पर कालोनी का निर्माण कराया लेकिन उसका नक्शा डबल स्टोरी का पास नहीं कराया था। टीम ने कार्रवाई की तो बिल्डर ने 50-50 लाख के दो चेक …
बरेली, अमृत विचार। बीडीए ने गुरुवार को शहर में बड़ी कार्रवाई की तो खाते में एक करोड़ का राजस्व भी प्राप्त हो गया। शहर के बड़े बिल्डर ने ग्रीन पार्क पर कालोनी का निर्माण कराया लेकिन उसका नक्शा डबल स्टोरी का पास नहीं कराया था। टीम ने कार्रवाई की तो बिल्डर ने 50-50 लाख के दो चेक बीडीए को दिए हैं। एक ही प्रतिष्ठान से इतना बड़ा राजस्व पहली बार बीडीए को मिला है।
ये भी पढ़ें- बरेली: जनपदीय एथलेटिक प्रतियोगिता में दक्षिण जोन का जलवा, खिलाड़ियों ने प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन
ग्रीन पार्क के पास बीडीए ने जिस बिल्डर के निर्माण पर कार्रवाई की वह सोबती बिल्डर का बताया जा रहा है। बिल्डर ने यहां कालोनी का निर्माण कराया है। इस कालोनी में एक मंजिला मकान का नक्शा ही बीडीए से स्वीकृत हुआ था, लेकिन मौके पर दूसरी मंजिल पर भी निर्माण करा लिया गया था। बीडीए ने अवैध निर्माण को सील कर दिया था। निर्माण सील होने के बाद भी बिल्डर इस निर्माण की कंपाउंडिंग कराने में रुचि नहीं ले रहा था। बिल्डर को कई बार चेताया गया मगर हर बार बिल्डर ने प्राधिकरण की बात को अनसुना कर दिया।
गुरुवार को बीडीए की टीम कार्रवाई करने के लिए ग्रीन पार्क में पहुंची। टीम में प्रवर्तन दल के फौजी सदस्य भी शामिल थे। टीम ने बुलडोजर से कॉलोनी में अवैध निर्माण गिराना शुरू किया। कई मकानों की दीवार और गेट तोड़कर टीम आगे बढ़ी तो बिल्डर के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। टीम से कार्रवाई रोकने का आग्रह किया। बिल्डर ने मौके पर ही 50-50 लाख के दो चेक अफसरों को सौंपकर शीघ्र अवैध निर्माण की कंपाउंडिंग कराने की बात कही। इस कार्रवाई से बीडीए को एक करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस संबंध में सोबती बिल्डर के चरनपाल सिंह सोबती का पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
प्राधिकरण की ओर से सोबती बिल्डर को नोटिस देकर अवैध निर्माण की कंपाउंडिंग कराने को कहा गया था, लेकिन बिल्डर की ओर से पत्रों का संज्ञान नहीं लिया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से बिल्डर को सुनवाई का पूरा मौका दिया गया । प्राधिकरण अवैध निर्माण के खिलाफ है। बिल्डर ने 50-50 लाख के दो चेक दे दिए हैं।- जोगिन्दर सिंह, वीसी बीडीए
ये भी पढ़ें- बरेली: 1.66 लाख का सरसों का तेल जब्त, बर्फी और मोतीचूर लड्डू का सैंपल भरा
