बदायूं: मेंथा आयल व्यवसायी के बेटे का दिनदहाड़े अपहरण
बदायूं। उत्तर प्रदेश में बरेली-मथुरा हाईवे पर चौपाल सागर के सामने आज सुबह बिनावर से मेंथा आयल लेकर बदायूं बेचने आ रहे व्यापारी पुत्र का आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया और साथ में ले जा रहे 2.6 कुंतल मेंथा आयल भी लूट लिया। पुलिस अधीक्षक नगर प्रवीण सिंह ने कहा कि बिनावर …
बदायूं। उत्तर प्रदेश में बरेली-मथुरा हाईवे पर चौपाल सागर के सामने आज सुबह बिनावर से मेंथा आयल लेकर बदायूं बेचने आ रहे व्यापारी पुत्र का आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया और साथ में ले जा रहे 2.6 कुंतल मेंथा आयल भी लूट लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रवीण सिंह ने कहा कि बिनावर निवासी सुभाष गुप्ता मेंथा आयल की खरीद फरोख्त का कार्य करते हैं। आज इनका पुत्र विकास गुप्ता 2.6 कुंतल मेंथा आयल टैम्पो से लेकर बदायूं बेचने आ रहा था कि बरेली मथुरा हाईवे पर आईटीसी चौपाल सागर के समीप स्कार्पियो व एक अन्य गाड़ी में लगभग आधा दर्जन अज्ञात बदमाश आये और टैम्पो के आगे गाड़ी लगा दी।
इसके बाद उन लोगों ने टैम्पो चालक छोटे अंसारी और विकास को मारपीट कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। साथ ही मेंथा आयल भी अपनी गाड़ी में रख लिया और वहां से फरार हो गये। इसके बाद बदमाशों ने आंवला मार्ग पर टैम्पो चालक छोटे अंसारी को सड़क किनारे फेंक दिया और विकास गुप्ता व मेंथा आयल को लेकर वहां से फरार हो गये।
परिवार वाले लगातार विकास को फोन कर रहे थे लेकिन छोटे व विकास का फोन स्विच आफ आ रहा था। इसके बाद किसी प्रकार छोटे वापस बिनावर पहुंचा और घटना की जानकारी विकास के परिजनों को दी। परिजनों ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी है और घटना की जानकारी कर अपहरण किये गये विकास व बदमाशों की तलाश कर रही है। मोबाइल सर्विलांस पर भी काम किया जा रहा है। बहुत ही जल्द विकास गुप्ता को बरामद कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा । इसी बीच पुलिस ने टैम्पो को अपने कब्जे में ले लिया है।
