अमरोहा: कर्ज में डूबे मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान
अमरोहा/हसनपुर/अमृत विचार। हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव मनोटा निवासी एक मजदूर ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन लाकडाउन में काम बंद होने और कर्ज के चलते आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। अधिकारियों ने जांच कराने की बात कही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को …
अमरोहा/हसनपुर/अमृत विचार। हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव मनोटा निवासी एक मजदूर ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन लाकडाउन में काम बंद होने और कर्ज के चलते आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। अधिकारियों ने जांच कराने की बात कही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार को हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव मनोटा निवासी मजदूर धर्म सिंह (45) पुत्र हर स्वरूप ने नवनिर्मित मकान में बल्ली पर ही प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मजदूर का शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी राकेश के अलावा 3 पुत्र व 2 पुत्रियों को रोते-बिलखते छोड़ गया। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के तहेरे भाई विजयपाल ने बताया गया कि धर्मसिंह दिहाड़ी पर राजगिरी का कार्य करता था। लाकडाउन में काम बंद होने के चलते घर में खाने के लाले पड़ गए। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी लाकडाउन में कोई मदद नहीं की गई। इस पर धर्मसिंह ने बैंक व कुछ लोगों से ब्याज के पैसों ले लिए। काम न मिलने पर उस पर काफी कर्ज हो गया। जब लेनदारों ने तकादा शुरू किया तो वह तनाव में रहने लगा और आत्महत्या कर ली। इस मामले पर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की गई तो सिर्फ जांच करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
