पीलीभीत: हाईवे पर गिरे युवक की मदद को रुके ग्रामीण की हादसे में मौत, तीन घायल
बरखेड़ा/पीलीभीत, अमृत विचार। सड़क पर गिरे दो युवकों की मदद करने के लिए रुके ग्रामीणों को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की जान चली गई, जबकि तीन गंभीर रुप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घायलों …
बरखेड़ा/पीलीभीत, अमृत विचार। सड़क पर गिरे दो युवकों की मदद करने के लिए रुके ग्रामीणों को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की जान चली गई, जबकि तीन गंभीर रुप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घायलों को सरकारी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के परिजन से मिली तहरीर पर पुलिस मामले में कार्रवाई में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पूर्व सांसद की बेटी को मिला धमकी भरा पत्र, रिपोर्ट दर्ज
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पौटाकलां निवासी शराफत शाह ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनका भाई फिरासत शाह पुत्र मजनू शाह कश्मीर से आ रहे रिश्तेदार को लेने पीलीभीत जा रहे थे।बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर राजा बिक्र फील्ड के सामने पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर सवार युवक सड़क पर गिर गए थे।
भाई व मौके पर मौजूद कुछ अन्य युवक गिरकर घायल हुए लोगों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। इस दौरान एक व्यक्ति तेजी व लापरवाही से बाइक चलाता हुआ आया और टक्कर मार दी। हादसे में भाई फिरासत शाह, रिजवान, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद सहबाज घायल हो गए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया गया। जहां भाई फिरासत की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायलों को उनके परिवार वाले साथ ले गए और पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने परिवार से जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, घर से रिश्तेदार को लेने गए फिरासत का सभी लोग इंतजार कर रहे थे। इसी बीच हादसे की खबर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवार के कुछ सदस्य बताए गए स्थान पर पहुंचे ही थे कि उन्हें फिरासत की हादसे में मौत का पता लगा। इसके बाद तो परिवार में चीख पुकार मची रही। सभी का रोकर बुरा हाल रहा।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: फूलों की दुकान में लगी आग, 45 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, लाखों का नुकसान
