दुनिया भर में Coronavirus के मामले एक करोड़ 40 लाख के पार, छह लाख से ज्यादा लोगों की मौत
जोहानिसबर्ग: कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित दुनिया के पांच देशों में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका जगह बनाता दिख रहा है वहीं दुनिया भर में संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों से साफ है कि सामान्य जनजीवन के फिर से पटरी पर लौटने में अभी काफी वक्त है। अमेरिका के जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के मुताबिक दुनिया …
जोहानिसबर्ग: कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित दुनिया के पांच देशों में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका जगह बनाता दिख रहा है वहीं दुनिया भर में संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों से साफ है कि सामान्य जनजीवन के फिर से पटरी पर लौटने में अभी काफी वक्त है। अमेरिका के जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के मुताबिक दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक करोड़ 40 लाख के पार पहुंच गए हैं जबकि अब तक छह लाख से ज्यादा लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। इससे एक दिन पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दुनिया भर में एक दिन में संक्रमण के रिकॉर्ड 2,37,000 मामले सामने आने की पुष्टि की थी।
ढाई करोड़ ईरानी नागरिक हो सकते हैं संक्रमित
अमेरिका में महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़ रही है वहीं भारत में संक्रमण के मामलों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। ईरान की सरकारी संवाद समिति आईआरएनए ने शनिवार को कहा कि ईरान के राष्ट्रपति ने यह चौंकाने वाला खुलासा किया कि करीब ढाई करोड़ ईरानी नागरिक संक्रमित हो सकते हैं। हसन रुहानी ने स्वास्थ्य मंत्रालय के एक नए अध्ययन को उद्धृत करते हुए यह बात कही। इस अध्ययन को सार्वजनिक नहीं किया गया है। पश्चिम एशिया में इस महामारी से ईरान सबसे बुरी तरह प्रभावित है जहां अब तक संक्रमण के 2,70,000 मामले सामने आ चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका संक्रमण का नया केंद्र
विशेषज्ञों का मानना है कि दुनिया भर में जांच में कमी के कारण संक्रमण के मामले कहीं ज्यादा हैं। अब जब देश लॉकडाउन की पाबंदियों में रियायत दे रहे हैं ऐसे में मामलों की एक नयी लहर आ सकती है। अमेरिका, ब्राजील, भारत और रूस के बाद दक्षिण अफ्रीका कोरोना वायरस से दुनिया के सबसे बुरी तरह प्रभावित पांच देशों में शामिल हो सकता है। वहां संक्रमण के मामलों की संख्या 3,50,000 के करीब पहुंच गई है। मामलों के मौजूदा रुझानों को देखकर लगता है कि वह पेरू से आगे निकल जाएगा। दक्षिण अफ्रीका में संक्रमण का नया केंद्र गौटेंग प्रांत है जहां देश की करीब एक चौथाई आबादी रहती है, जिनमें से बहुत से करीब भीड़-भाड़ वाले इलाकों में रहते हैं। अफ्रीकी महाद्वीप के कुल मामलों में से करीब आधे मामले इसी देश से हैं।
