मुरादाबाद: आग से झुलसी सीआरपीएफ जवान की पत्नी ने दिल्ली में तोड़ा दम, ससुरालियों पर महिला को जलाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना क्षेत्र की रहने वाली निगहत ने शनिवार को सुबह दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दहेज के लोभ में पत्नी को जिंदा जलाने के आरोपी पति को जेल भेजने के बाद मुकदमे में दहेज हत्या की धारा तरमीम करते हुए मैनाठेर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना क्षेत्र की रहने वाली निगहत ने शनिवार को सुबह दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दहेज के लोभ में पत्नी को जिंदा जलाने के आरोपी पति को जेल भेजने के बाद मुकदमे में दहेज हत्या की धारा तरमीम करते हुए मैनाठेर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। दहेज हत्या के छह आरोपी अभी भी फरार हैं।

दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र में छज्जूमल कालोनी नांगलोई की रहने वाली निगहत ने दो साल पहले मैनाठेर के नानकार निवासी इंतजार हुसैन से प्रेम विवाह किया। इंतजार हुसैन सीआरपीएफ का जवान है। निगहत की मां शाहीन ने 25 अक्तूबर को मैनाठेर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि निकाह के बाद से दहेजलोभी ससुराली उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। सुलह व समझौत के बाद भी जुर्म व ज्यादती कम नहीं हुई। 24 अक्तूबर को पति व ससुरालियों ने निगहत को कमरे में बंधक बना कर पहले पिटाई की फिर डीजल उड़ेल कर आग लगा दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने इंतजार हुसैन, ससुर जर्रार, सास आसमा, ननद नजमा, ननदोई हारुन, जेठ इंतकाब व जेठानी शाहीन के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पति इंतजार हुसैन को गिरफ्तार कर शनिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। शनिवार को निगहत के सांसों की डोर टूट गई। मैनाठेर थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के प्रयास का मुकदमा दहेज हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- पनडुब्बियों पर काम करने वाली महिलाओं पर उत्पीड़न, रॉयल नेवी प्रमुख ने दिए जांच के आदेश

संबंधित समाचार