कानपुर: झकरकटी मेट्रो स्टेशन पर डायफ्राम वॉल का काम पूरा, चार महीनें में मिली कामयाबी
कानपुर, अमृत विचार। मेट्रो रेल परियोजना के पहले कॉरिडोर के तहत सेंट्रल और ट्रांसपोर्ट नगर के बीच 3 किमी. लंबे भूमिगत सेक्शन का निर्माण हो रहा है। इस सेक्शन के झकरकट्टी भूमिगत मेट्रो स्टेशन पर डायफ़्राम वॉल (डी-वॉल) का काम पूरा कर लिया गया है। यहां रूफ़ स्लैब (स्टेशन की छत) की ढलाई का काम …
कानपुर, अमृत विचार। मेट्रो रेल परियोजना के पहले कॉरिडोर के तहत सेंट्रल और ट्रांसपोर्ट नगर के बीच 3 किमी. लंबे भूमिगत सेक्शन का निर्माण हो रहा है। इस सेक्शन के झकरकट्टी भूमिगत मेट्रो स्टेशन पर डायफ़्राम वॉल (डी-वॉल) का काम पूरा कर लिया गया है। यहां रूफ़ स्लैब (स्टेशन की छत) की ढलाई का काम भी 50 फीसद तक पूरा हो गया है। इस सेक्शन के ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन पर डी-वॉल का काम लगभग 65 फीसद तक पूरा किया जा चुका है।
यूपीएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक ने कहा कि कानपुर सेंट्रल से ट्रांसपोर्ट नगर के बीच बन रहा भूमिगत सेक्शन शहर के सबसे व्यस्ततम इलाक़ों से होकर गुज़रता है। यहाँ मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण काफ़ी चुनौतीपूर्ण है और हमारी टीम पूरी कुशलता के साथ अपना काम कर रही है। प्राथमिक सेक्शन के बाद, पहले कॉरिडोर के शेष हिस्से पर निर्माण कार्य तेज़ी के साथ किए जा रहे हैं। इतने कम समय में झकरकट्टी भूमिगत मेट्रो स्टेशन की डी-वॉल काम पूरा कर लेना, हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
पहले कॉरिडोर के अंतर्गत 9 किमी. लंबे प्राथमिक सेक्शन आईआईटी-मोतीझील पर यात्री सेवा जारी है। इसके आगे लगभग 7 किमी. लंबे भूमिगत सेक्शन पर दो भागों में (चुन्नीगंज से नयागंज और कानपुर सेंट्रल से ट्रांसपोर्ट नगर) पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं और बचे हुए लगभग 5 किमी. लंबे उपरिगामी सेक्शन (बारादेवी से नौबस्ता) पर पाइलिंग का काम चल रहा है।
