हमीरपुर: संदिग्ध हालात में विवाहिता की जलकर मौत, मायके पक्ष ने लगाया गंभीर आरोप
हमीरपुर/मौदहा। शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। मौत के पहले हुई मारपीट के निशान भी सामने आए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पति को हिरासत में ले लिया है। मायके वालों ने ससुरालियों पर मारपीट कर आग लगा जलाकर मार डालने का आरोप लगाया …
हमीरपुर/मौदहा। शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। मौत के पहले हुई मारपीट के निशान भी सामने आए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पति को हिरासत में ले लिया है। मायके वालों ने ससुरालियों पर मारपीट कर आग लगा जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।
सिसोलर थानाक्षेत्र के ग्राम बड़ा लेवा निवासी मालती (38) पत्नी बल्लू की शनिवार देर रात घर के कमरे में आग लगने से गंभीर रूप से जल गई। परिजन यूपी 112 पुलिस के जरिए उसे कस्बे के सरकारी अस्पताल लाए। जहां से डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर लगते ही ससुराल पक्ष के लोग शव को सीएचसी में छोड़कर चले गए। जबकि मृतका का पति बल्लू सीधे थाना सिसोलर पहुंच गया।
थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।मृतका के भाई जितेंद्र निवासी सिसोलर ने बहनोई सहित ससुरालियों पर बहन को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि बहन की शादी के बाद से ससुराल वाले मारपीट करते थे, एक बार तो बहन के दांत भी तोड़ दिए थे। तब उसने नकली दांत लगवाए थे। कहा अक्सर जलाकर मार देने की बात कहते थे। आरोप लगाया इससे पूर्व भी यह लोग दूसरी बहू को जलाकर मार चुके हैं।
मृतका अपने पीछे सात बच्चे जिनमें चार लड़की और दो लड़कों को रोते बिलखते छोड़ गई है। एक लड़की की शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि परिवार में वाद विवाद होता रहता था और इस बार भैयादूज में यह मायके गई थी, तभी से विवाद और बढ़ गया था। पति को हिरासत में ले लिया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-पीलीभीत: सड़क हादसे में बाइक सवार साले-बहनोई की मौत,परिवार में मचा कोहराम
