वनराज की दहशत : झाड़ियों को बड़ा होने से रोकें, तो गांव में न पहुंचे तेंदुए
अमृत विचार, बहराइच। मूर्तिहा रेंज के अमृतपुर पुरैना गांव में रविवार को कतरनियाघाट फ्रेंड्स क्लब की ओर से जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिसमें ग्रामीणों को बाघ और तेंदुए के हमले से बचने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही शाम को समूह में ही खेत जाने की सलाह दी। कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब बहराइच की …
अमृत विचार, बहराइच। मूर्तिहा रेंज के अमृतपुर पुरैना गांव में रविवार को कतरनियाघाट फ्रेंड्स क्लब की ओर से जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिसमें ग्रामीणों को बाघ और तेंदुए के हमले से बचने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही शाम को समूह में ही खेत जाने की सलाह दी।
कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब बहराइच की ओर से कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज के हिंसक वन्य जीव प्रभावित ग्राम अमृतपुर पुरैना में रविवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मानव वन्य जीव संघर्ष पर आयोजित कार्यशाला में गांव में रहने वाले ग्रामीणों को हिंसक वन्य जीवों से बचाव हेतु जागरूक किया गया।
कार्यशाला में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के अद्धयक्ष भगवान दास लखमानी ने कहा कि ग्रामीण अपने घर के आसपास की ऊँची घास व झाड़ियाँ साफ रखें, जिससे तेंदुए को घात लगाने का मौका न मिले। प्रातः भोर एवं शाम को समूह में निकलें, शाम एवं रात के समय टॉर्च एवं डंडा अपने पास अवश्य रखें, रात को खुले में न सोएं और न ही बच्चों को सोने दें, जंगल के भीतरी भागों में लकड़ी बटोरने, मवेशी चराने एवं शौच करने न जाएं और न ही बच्चों को भेजें, वन्य जीवों की आहट लगे तो पटाखा दगाकर उसे जंगल की ओर भगाने का प्रयास करें, रात के समय अपने घर के आसपास रोशनी अवश्य रखें, गन्ने के खेतों की ओर बच्चों को कदापि न जाने दें, स्वयं भी जाना हो तो समूह में शोर मचाते हुए जाएं। इस अवसर पर क्लब के अमन लखमानी, राम शेर यादव, आदर्श शुक्ला समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़े- दहशत का माहौल : शौच गई किशोरी पर तेंदुए का हमला, हालत नाजुक
