छठ पर्व 2022: उगते सूर्य को अर्घ्य देने सुल्तानपुर के सीताकुंड धाम पर उमड़ा सैलाब, देखें तस्वीरें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुल्तानपुर। सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ का सोमवार की भोर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ। पुत्र प्राप्ति, उनके दीर्घायु व परिवार के खुशहाली के लिए महिलाओं ने कठिन व्रत रखा और छठ मईया की विधिवत पूजा आराधना की। शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न होने के बाद प्रशासन ने …

सुल्तानपुर। सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ का सोमवार की भोर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ। पुत्र प्राप्ति, उनके दीर्घायु व परिवार के खुशहाली के लिए महिलाओं ने कठिन व्रत रखा और छठ मईया की विधिवत पूजा आराधना की। शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सास ली।

आस्था का महापर्व डाला छठ महोत्सव का शुभारंभ नहाए खाए अनुष्ठान के साथ हुआ था। अगले दिन खरना और रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया गया। चार दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार की भोर में एक बार फिर सीताकुंड धाम पर सूर्य उपासना को लोगों का हुजूम उमड़ा। बड़ी संख्या में व्रत रखने वाली महिलाएं व पुरुष आदि गंगा गोमती के सीताकुंड तट से कमर तक पानी में खड़ा होकर उगते हुए सूर्य को जल चढ़ाया।

छठ मईयां के विधिवत पूजा आराधना के बाद प्रसाद वितरण किया गया। दान पुण्य करके विधि विधान से पूजा पाठ के बाद व्रत तोड़कर पर्व का समापन किया। सीताकुंड तट पर बड़ी संख्या में पूजा पाठ करने वाले तो पहुंचे ही थे, यह देखने के लिए पूरा शहर भोर में ही उमड़ पड़ा। शहर के सभी मोहल्लों से लोग यहां पहुंचें। छठ माता और सूर्य भगवान के जयकारे लगाए गए। इसके बाद मंगलगान करते हुए लोग घरों को गए।

सीताकुंड पर लगा मेला
महोत्सव के दौरान शनिवार की रात से ही सीताकुंड तट से लेकर दीवानी चौराहे तक सड़क की दोनों पटरियों पर दुकानें सजीं। यहां जलेबी, चाट, समोसा, मोमफली आदि की दुकानों के साथ शृंगार, खिलौना आदि की भी दुकानें सजीं। जहां पर बच्चों व महिलाओं ने खूब खरीदारी की।

मुस्तैद रहा प्रशासन
डाला छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी सतर्क रहा। पुलिस के अधिकारी व सिपाही लगातार महोत्सव के दौरान सीताकुंड धाम पर नजर बनाए रखे। नगर पालिका की टीम लगातार सफाई आदि व्यवस्था में लगे रहें। शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व के समापन से प्रशासन ने राहत की सास ली। वहीं, गोमती मित्र मंडल समिति समेत अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भी महोत्सव के आयोजन में सहयोग किया। स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राज कुमार सोनी ने महोत्सव में सहयोग करने वालों को धन्यवाद दिया।

मनचलों ने युवती समेत परिवारजनों पर किया हमला
डाला छठ पर पूजा करने कोतवाली देहात के एक गांव से आये एक परिवार पर हमला हो गया। हमले में युवती और उसके परिवार के सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह घाट पर अर्घ्य देते समय कुछ लोगों ने एक परिवार की लड़की को छेड़ दिया।

परिजनों ने जब आपत्ति जताई तो युवक घाट से खिसक लिए और ऊपर गेट के पास परिजनों के लौटने का इंतजार करने लगे। पूजा के बाद जब परिवार ऊपर गेट के निकट पहुंचा तो घात लगाए मनचलों ने परिवार को घेर लिया। मनबढ़ युवकों ने ईंट गुम्मों से परिवार पर हमला बोल दिया। छेड़खानी का विरोध करने वाली लड़की के शरीर पर कई चोटें आई हैं। बाद में स्वर्णकार समाज के लोग पुलिस वालों को लेकर पहुंचे तो वे भाग निकले। पीड़ित ने कोतवाली नगर में तहरीर दी हैं।

यह भी पढ़ें:-Chhath Puja 2022: मायावती ने दी छठ पर्व की बधाई

संबंधित समाचार