हरदोई : फसल काटने के विवाद में भाई की हत्या
अमृत विचार, हरदोई। छोटे भाई के हिस्से की फसल काटने की बात पर बड़े भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने बेटों के साथ मिल कर छोटे भाइयों पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। इस तरह किए गए हमले में एक भाई की मौत हो …
अमृत विचार, हरदोई। छोटे भाई के हिस्से की फसल काटने की बात पर बड़े भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने बेटों के साथ मिल कर छोटे भाइयों पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। इस तरह किए गए हमले में एक भाई की मौत हो गई। बेहटा गोकुल थाने के काशीपुर गांव में सरेशाम हुई इस वारदात से वहां दहशत फैल गई।
बताया गया है कि काशीपुर निवासी धरमू कश्यप के चार बेटे झब्बू लाल, छोटेलाल, राजेश्वर और जागेश्वर है। जागेश्वर सबसे छोटा है। मानसिक तौर पर बीमार रहने वाले जागेश्वर की शादी नहीं हुई। उसके हिस्से में ढ़ाई बीघा पट्टे की और चार बीघा पुश्तैनी ज़मीन है। उसके हिस्से की ज़मीन पर होने वाली फसल सभी बराबर बांट लेते थे।
बताते हैं कि इस बार छोटेलाल का नुक़सान हो गया था। उसने सोंचा कि जागेश्वर के खेत की फसल काट कर नुकसान की भरपाई कर लेगा। सोमवार को इसी बात पर 35 वर्षीय छोटेलाल और उसके बड़े भाई झब्बू लाल के बीच कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि झब्बू लाल ने अपने दो बेटों नितिन और मनीष के साथ मिल कर छोटेलाल के ऊपर फावड़े और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। उसे बचाने में राजेश्वर बीच में पहुंच गया।
बड़े भाई के हमले में छोटेलाल व राजेश्वर दोनों बुरी तरह ज़ख्मी हो गए। जिन्हें आनन-फानन में एम्बुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने हालत बिगड़ती देख हरदोई मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया। यहां छोटेलाल की मौत हो गई। इस बारे में इंचार्ज एसएचओ हरिशंकर वर्मा ने बताया है कि तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- वारदात : इंटर के छात्र की हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव
