मुरादाबाद : अशोक सक्सेना बने बार के नए अध्यक्ष, अभय चुने गए महासचिव
मुरादाबाद, अमृत विचार। दी बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में कांटे की टक्कर के बीच अशोक सक्सेना अध्यक्ष चुने गए। जबकि, महासचिव अभय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दानवीर यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार सक्सेना ने विजयश्री हासिल की। मंगलवार को विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गई। दि बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दी बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में कांटे की टक्कर के बीच अशोक सक्सेना अध्यक्ष चुने गए। जबकि, महासचिव अभय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दानवीर यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार सक्सेना ने विजयश्री हासिल की। मंगलवार को विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गई।
दि बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हुआ था। 21 पदों के लिए 70 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान में 2262 अधिवक्ताओं में से 2042 ने ही मतदान किया था। मंगलवार सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हुई। एल्डर्स व चुनाव कमेटी के सदस्यों ने प्रत्याशियों की मौजूदगी में मत पेटियां खोलीं। इसके बाद मतपत्रों को अलग-अलग किया गया।
दोपहर ढाई बजे के बाद मतों की गिनती शुरू हुई। सबसे पहले अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पदों के मतों की गिनती पूरी हुई। 20 राउंड की गिनती मे अध्यक्ष पद पर अशोक कुमार सक्सेना, महासचिव पद पर अभय कुमार सिंह बढ़त बनाए हुए थे। दोनों प्रत्याशियों ने अपनी इस बढ़त को अंतिम समय तक कायम रखा। कांटे की टक्कर में अशोक कुमार सक्सेना ने 886 वोट पाकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया कर लिया।
जबकि, उनके प्रतिद्वंद्वी प्रदीप कुमार सिन्हा 764 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। महासचिव पद पर भी अभय कुमार सिंह ने 929 मत हासिल कर जीत दर्ज की। 692 वोट पाकर अंचल शर्मा महसचिव की दौड़ में दूसरे नंबर पर रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार सक्सेना ने 598 मतों से जीत दर्ज की। 445 मतों के साथ आशुतोष मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे। कोषाध्यक्ष पद पर दानवीर यादव ने 621 मतों से जीत हासिल की।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रामाशंकर कौशिक ने मतगणना के बाद अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के पदों के परिणामों की घोषणा की। इसके साथ ही जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों के समर्थक खुशी से झूम उठे, फूल माला पहना कर उनका जोरदार स्वागत किया। कचहरी परिसर ढोल नगाड़ों की थाप से गूंज उठा। साथी अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को कंधों पर उठा लिया और जमकर डांस किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों इस जीत को सभी अधिवक्ताओं की जीत बताया। कहा कि अधिवक्ताओं के हित में कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही बार और बैंच के संबंधों को मधुर किया जाएगा। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रमा शंकर ने बताया कि शेष पदों के लिए बुधवार को मतगणना की जाएगी। शाम तक परिणाम भी जारी कर दिए जाएंगे।
मतगणना में इनका रहा सहयोग
रमेश सिंह आर्य, अनिल चौहान, नरेंद्र सिंह चौहान, कपिल विश्नोई, सुभाष चंद्र, महेश चंद त्यागी, विजय कुमार गुप्ता, प्रमोद प्रत्येकि, विशाल कांत, अनिल कुमार सिंह, शमशेर सिंह, विवेक शर्मा, अजय पाल सिंह, सतीश विश्नोई, श्रीकांत उपाध्याय, संदीप खन्ना, अरशद परवेज, आशकार हुसैन, रविंद्र सिंह, मनोज गुप्ता, राजेश कुमार, संजय कुमार यादव, जगदीश सरन मिश्रा।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं का लिया आशीर्वाद
बार चुनाव में जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं का आशीर्वाद लिया। बार के पूर्व अध्यक्ष आदेश श्रीवास्तव ने नवनियुक्त महासचिव को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इसके अलावा बधाई देने के लिए साथी अधिवक्ताओं का भी तांता लग गया।
जमकर की गई आतिशबाजी
चुनाव में जीत की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। जैसे ही किसी प्रत्याशी की जीत की घोषणा होती, वैसे ही पटाखे छूटने लगते। बार सभागार का नजारा कुछ देर के लिए तो दिवाली जैसा हो गया। प्रत्याशियों ने पहले से ही ढोल वालों को बुला रखा था।
सुबह से ही पहुंच गए फूल-माला वाले
विजयी प्रत्याशियों में तो जीत का जोश था ही मगर फूल माला बेचने वालों को भी इस दिन का ब्रेसब्री से इंतजार था। इसी के चलते कई फूलमाला बेचने वाले सुबह दस बजे ही बार सभागार के बाहर पहुंच गए थे। जीत की घोषणा होते ही उनकी फूल मालाओं की बिक्री भी अचानक बढ़ गई। अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को फूल मालाओं से लाद दिया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ब्लाक संसाधन केंद्रों पर आधार अपडेट करने में रोकें धांधली, बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को दिया आदेश
