शाहजहांपुर: रोडवेज बस पलटी, स्कूल की दीवार की वजह से टला बड़ा हादसा
शाहजहांपुर। सिंधौली में सोमवार दोपहर बाद रोडवेज बस, स्कूल के पास सड़क के बायीं तरफ गहरी खाई की ओर पलट गई। राहत की बात यह है कि बस स्कूल की दीवार पर टिक गई। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। बस में 15-16 यात्री बताए जा रहे हैं, जिन्हें पुलिस ने दूसरी बस से गंतव्य …
शाहजहांपुर। सिंधौली में सोमवार दोपहर बाद रोडवेज बस, स्कूल के पास सड़क के बायीं तरफ गहरी खाई की ओर पलट गई। राहत की बात यह है कि बस स्कूल की दीवार पर टिक गई। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। बस में 15-16 यात्री बताए जा रहे हैं, जिन्हें पुलिस ने दूसरी बस से गंतव्य को रवाना कर दिया। पुलिस के मुताबिक किसी को गहरी चोट नहीं आई है।
शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस शाहजहांपुर बस स्टैंड से यात्रियों को बैठाकर पुवायां की ओर जा रही थी। बस दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे सिंधौली में खन्नौत नदी पुल पर से निकलकर आगे बढ़ गई। बस जैसे ही स्कूल की निस्प्रयोज्य बिल्डिंग के पास पहुंची, तभी बस के आगे-आगे चल रहे बाइक सवार दंपति को बचाने के लिए चालक ने बस के ब्रेक ले लिए। लेकिन बस फिर दंपति की बाइक में छू गई। इससे दंपति बाइक के साथ सड़क पर गिर गए। और बस अनियंत्रित होकर सड़क के बायीं तरफ गहरी खाई की ओर पलट गई
बस का अगला हिस्सा स्कूल की चाहरदीवारी पर टिक गया। इससे बस का पिछला हिस्सा हवा में लटक गया, नहीं तो बस गहरी खाई में चली जाती। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे सभी को बाहर निकलवाया। इंस्पेक्टर जगनरायण पांडेय के मुताबिक बस में सवार किसी को कोई गहरी चोट नहीं आई, कुछ को मामूली चोट आई। सभी को दूसरी बस से उनके गंतव्य को भेज दिया गया।
