अमरोहा: शिया धर्मगुरु को कट्टरपंथियों की धमकी, कॉल करके कहा-अंजाम भुगतने को तैयार रहें
अमरोहा, अमृत विचार। उलमा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और शिया धर्मगुरु मौलाना कौकब मुजतबा को कट्टरपंथियों ने इंटरनेट काल करके अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के बाद मौलाना ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर मामले की जांच कराने तथा आरोपी को गिरफ्तार कराने की मांग की है। मुहल्ला शाहफरीद …
अमरोहा, अमृत विचार। उलमा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और शिया धर्मगुरु मौलाना कौकब मुजतबा को कट्टरपंथियों ने इंटरनेट काल करके अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के बाद मौलाना ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर मामले की जांच कराने तथा आरोपी को गिरफ्तार कराने की मांग की है।
मुहल्ला शाहफरीद निवासी मौलाना कौकब मुजतबा शिया धर्मगुरु हैं तथा उलमा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। हाल ही में उन्होंने कस्बे में कई बड़े कार्यक्रम भी आयोजित कराए थे। जिसमें केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों की खुले मंच से तारीफ की थी और राम जन्मभूमि, एनआरसी, सीएए, धारा 370, तीन तलाक, पीएफआइ पर प्रतिबंध लगाए जाने के सरकार के कार्यों की सराहना की थी।
मौलाना कौकब मुजतबा का आरोप है कि 9 सितंबर को धमकी मिली थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर 748314058 नंबर से इंटरनेट काल आई । काल रिसीव की तो कॉल करने वाले ने उन्हें मुसलमान विरोधी बताते हुए धमकी देना शुरू कर दिया। धमकी देने वाले ने कहा कि वह आरएसएस व भाजपा के एजेंट न बनें। क्या मोदी, क्या अमित शाह लगा रखा है, सुधर जाएं, वरना पता नहीं चलेगा कि आप कहां गए।
धमकी देने वाले ने किसी आतंकी संगठन का नाम तो नहीं लिया। लेकिन धमकी मिलने के बाद मौलाना ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने तथा धमकी देने वालों को गिरफ्तार कराने की मांग की है। सीओ सदर विजय कुमार राणा ने बताया कि इस मामले कि जांच कराई जा रही है। जल्दी ही स्थिति स्पष्ट कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: दरोगा की विदाई के जश्न में डूबे पुलिसकर्मी, फिल्मी गानों पर किया डांस
