चित्रकूट : अवैध कब्जा हटाने गए कर्मचारियों से गांववालों ने की हाथापाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, चित्रकूट। ग्राम समाज की जमीन से शनिवार को अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस व राजस्व टीम से गांववालों की जमकर झड़प हुई। आक्रोशित गांववालों ने जेसीबी पर भी पत्थर फेंके। इस पर पुलिसकर्मियों ने कुछ लोगों की पिटाई भी की। इसका किसी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। इससे हड़कंप मच …

अमृत विचार, चित्रकूट। ग्राम समाज की जमीन से शनिवार को अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस व राजस्व टीम से गांववालों की जमकर झड़प हुई। आक्रोशित गांववालों ने जेसीबी पर भी पत्थर फेंके। इस पर पुलिसकर्मियों ने कुछ लोगों की पिटाई भी की। इसका किसी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। इससे हड़कंप मच गया।

हालांकि इसके बाद तहसील प्रशासन खबर को दबाने के प्रयास में भी जुट गया। एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व टीम मौके पर गई थी। अतिक्रमण हटाकर चली आई है। हालांकि एसओ ने काफी हद तक घटना की बात स्वीकारी है। बताया कि राजस्व टीम की तहरीर पर कई गांववालों पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

मामला मानिकपुर तहसील अंतर्गत ऐलहा बढ़ैया गांव का है। जानकारी के मुताबिक, यहां ग्राम समाज की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को गिराने के लिए शनिवार को राजस्व और पुलिस की टीम गई थी। जेसीबी जैसे ही अतिक्रमण की गई जमीन पर दीवार को गिराने आगे बढ़ी, गांववाले आक्रोशित हो गए। इसके बाद एक युवक ने जेसीबी पर पत्थर भी फेंके। इस पर एक पुलिसकर्मी ने इसे पटक दिया और पिटाई की। इसके बाद गांववाले और आक्रोशित हो गए। पुलिसकर्मी और ग्रामीण आपस में गुत्थमगुत्था हो गए। कुछ देर तक यह उपद्रव चला।

इसके बाद पुलिस कई ग्रामीणों को अपने साथ ले गई। उधर, इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया। किरकिरी होते देख तहसील प्रशासन इस मामले को दबाने में जुट गया। जब इस संबंध में एसडीएम से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। वह समाधान दिवस के राजस्व टीम व पुलिस के साथ गांव गए थे और अतिक्रमण गिराकर आ गए हैं। एसओ मानिकपुर गिरेंद्र कुमार ने बताया कि राजस्व टीम अतिक्रमण हटवाने गई थी। कुछ लोगों ने अवरोध किया था। जेसीबी पर पत्थर भी फेंके थे। राजस्व टीम की तहरीर पर कुछ लोगों पर मामला भी दर्ज किया जा रहा है। वह इस समय बाहर हैं, इसलिए विस्तृत रूप से नहीं बता पाएंगे।

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत ऐलहा बढ़ैया में ग्राम समाज की जमीन बंजर खाते में दर्ज है। इसमें 10 बीघा नगर पंचायत ने कचरा अवशिष्ट गृह के लिए अधिग्रहीत की है। 68 पट्टे कोल बिरादरी को आवास के लिए आवंटित किए गए हैं। शेष रकबे पर ग्रामीणों पर अवैध कब्जे का आरोप है।

यह भी पढ़ें:- काशीपुर: अवैध खनन में लिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रालियां और एक डंपर सीज

 

संबंधित समाचार