रामपुर: 12 नवंबर को होगा अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन, डिप्टी सीएम होंगे शामिल
अमृत विचार, रामपुर। देने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी अब मुसलमानों की ओर हाथ बढ़ा रही है। इसीलिए रामपुर में 12 नवंबर को पसमांदा मुसलमानों का अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन होने जा रहा है जिसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्रियों के आने का कार्यक्रम है। शुक्रवार की रात भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर …
अमृत विचार, रामपुर। देने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी अब मुसलमानों की ओर हाथ बढ़ा रही है। इसीलिए रामपुर में 12 नवंबर को पसमांदा मुसलमानों का अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन होने जा रहा है जिसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्रियों के आने का कार्यक्रम है।
शुक्रवार की रात भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने सिविल लाइंस स्थित गेस्ट हाउस में ज़िला अध्यक्ष अभय गुप्ता के साथ अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं अल्पसंख्यक बुद्धिजीवियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम की योजना बनाई। कार्यक्रम संयोजक कुंवर बासित अली ने बताया कि 12 नवंबर को होने वाले अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक होंगे।
केन्द्र और राज्य सरकार के कई मंत्री एवं पार्टी के कई बड़े पदाधिकारी सम्मेलन में शिरकत करेंगे। सम्मेलन में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बतौर मुख्य अतिथि व पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, समेत अन्य मंत्रियों के भी सम्मेलन में पहुंचने की उम्मीद है। इस तरह के और भी सम्मेलन पार्टी द्वारा किए जाएंगे।
उनका मानना है कि इस तरह के सम्मेलनों से स्वाभाविक रूप से मुसलिम समाज का भाजपा की ओर और झुकाव बढ़ेगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, मोर्चा के ज़िलाध्यक्ष वसीम ख़ान, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख फैसल मुमताज़, मोर्चा के मुरादाबाद ज़िलाध्यक्ष नसीम खान, ज़िला महामंत्री डॉ यामीन पाशा, इमरान पाशा, उपाध्यक्ष रानी ख़ान, इश्तियाक घोसी, फैसल ख़ान , मुज़म्मिल हुसैन, नूर अहमद आदि मौजूद रहे।
रामपुर में हो रहा देश का दूसरा भाजपा मुस्लिम सम्मेलन
बासित अली ने बताया कि इससे पहले अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा 16 अक्टूबर को देश का पहला अल्पसंख्यक बुद्धिजीवी सम्मेलन लखनऊ में आयोजित किया जा चुका है, ये देश का दूसरा अल्पसंख्यक मुस्लिम सम्मेलन है। ऐसे में प्रदेश में राजधानी के बाद रामपुर में होने जा रहे सम्मेलन को मुस्लिम समुदाय में पार्टी की पैठ बढ़ाने की दिशा में भाजपा के रोडमैप का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
