गोरखपुर को बनाएंगे निवेश का बेहतरीन गंतव्य: मुख्यमंत्री योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर व्यापार का बड़ा केंद्र है। यहां जितना बिजनेस पूरे देश में कहीं और नहीं है। स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार आदि के लिए लगभग सात करोड़ लोग गोरखपुर पर निर्भर हैं। कई देशों की आबादी इतनी नहीं है। सरकार की मंशा गोरखपुर को निवेश का बेहतरीन गंतव्य बनाने …

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर व्यापार का बड़ा केंद्र है। यहां जितना बिजनेस पूरे देश में कहीं और नहीं है। स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार आदि के लिए लगभग सात करोड़ लोग गोरखपुर पर निर्भर हैं। कई देशों की आबादी इतनी नहीं है। सरकार की मंशा गोरखपुर को निवेश का बेहतरीन गंतव्य बनाने की है। यहां के उद्यमी और व्यापारी निवेश करेंगे तो बाहर के निवेशक भी यहां आएंगे। आय बढ़ाने के लिए निवेश बढ़ाना होगा।

मुख्यमंत्री योगी एनेक्सी भवन सभागार में उद्यमियों व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से संवाद कर रहे थे। उद्यमियों व व्यापारियों के सुझावों को इत्मिनान से सुनने के बाद उन्होंने कहा कि गोरखपुर और हम सबकी पहचान एक दूसरे से जुड़ी हुई है। साढ़े पांच साल में आप सभी ने बदलते गोरखपुर को देखा है। एनसीआर को छोड़ दें तो जितना निवेश गोरखपुर में हुआ है, कहीं और नहीं दिखता। 8600 करोड़ रुपये से खाद कारखाना, 1100 करोड़ से एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर इसके गवाह हैं। गोरखपुर में चार विश्वविद्यालय भी हैं। यहाँ एम्स व मेडिकल कॉलेज की सुविधा भी है। यह चिकित्सा सुविधाओं का हब बन गया है।

उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े कार्य हुए हैं। सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ ही रामगढ़ताल का सुंदरीकरण, चिड़ियाघर का निर्माण, रोड और एयर कनेक्टिविटी भी है। प्रमुख शहरों के लिए 14 फ्लाइट फुल होकर चलती हैं। सुदृढ़ कानून व्यवस्था, विकास यह बढ़ती प्रक्रिया, व्यापार का तीव्र गति से विकास इसकी अच्छी संभावनाओं को दर्शाता है। इन मुद्दों को लेकर पहले यहाँ सड़कों पर आंदोलन हुआ करते थे। मुख्यमंत्री योगी ने कहा जब विकास के लिये सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर पहली शर्त है। सुरक्षा व पर्याप्त बिजली की उपलब्धता की सुविधाएं अब दी जा रही हैं। इन सुविधाओं का बेहतरीन उपयोग कैसे करें।

निवेश के लिए मजबूत रखें लैंड बैंक

मुख्यमंत्री ने फरवरी 2023 में लखनऊ में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए गोरखपुर के उद्यमियों व व्यापारियों को आमंत्रित किया। अधिकारियों को निवेश की संभावनाओं को देखते हुए वह लैंडबैंक मजबूत रखने क निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि साउथ कोरिया और जापान जैसे देशों के निवेशक पहले डर के कारण यूपी में आना नहीं चाहते थे। अब वे यहां बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर को उन्होंने नोएडा में उत्तर भारत के पहले डाटा सेंटर का शुभारंभ किया। इससे डाटा तो सुरक्षित होगा ही, 39 हजार करोड़ रुपये का निवेश भी प्राप्त हो रहा है। पहली नवम्बर को लखनऊ में उनकी उद्यमियों से मुलाकात हुई थी। उन उद्यमियों ने तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव देने की बात कही है।

यह भी पढ़ें:-प्रदेश में नए शहरों के विकास की कार्ययोजना तैयार करे आवास विभाग: मुख्यमंत्री योगी

संबंधित समाचार