लखनऊ: जिला जेल में हत्यारोपी बंदी ने लगाई फांसी, जेल प्रशासन पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। जिला कारागार में शनिवार सुबह जेल में बंदी राहुल नूतन गिरि ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आननफानन में जेलकर्मी उसको लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कचहरी के सामने शव रखकर प्रदर्शन …
अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। जिला कारागार में शनिवार सुबह जेल में बंदी राहुल नूतन गिरि ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आननफानन में जेलकर्मी उसको लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कचहरी के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। जाम की सूचना पर एडीसीपी चौक, कैसरबाग समेत तीन थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर परिजनों ने सड़क पर लगे जाम को खुलवाया।
बता दें कि बीते 9 सितंबर को हत्या के मामले में सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर के रामपुर निवासी नूतन गिरि को विकास नगर पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह बैरक खुलने पर वह बाकी बंदियों के साथ बाहर आया और छत की सीढ़ियों के पास पहुंचा। सीढ़ियों की रेलिंग में गमछे के सहारे फांसी लगा कर उसने आत्महत्या कर ली।
राहुल के भाई पंकज ने बताया कि जेल प्रशासन ने फोन पर राहुल के फांसी लगाने की सूचना दी । जैसे ही वह लोग परिवार समेत बलरामपुर अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। पंकज ने अंदेशा जताया कि राहुल की हत्या के बाद शव फंदे से लटकाया गया है। वहीं, वरिष्ठ जेल अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि राहुल को फंदे से लटकते देखकर बाकी कैदियों ने शोर मचाया। जिससे जेल कर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें:-बरेली: फांसी के फंदे से लटककर युवक ने दी जान, मचा कोहराम
