देश में कोरोना रिकवरी दर 63.13 प्रतिशत
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 28,472 व्यक्ति कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण से मुक्त हुए हैं जिससे कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 63.13 प्रतिशत हाे गई है। देश के 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना रिकवरी दर राष्ट्रीय औसत रिकवरी दर से अधिक दर्ज की गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं …
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 28,472 व्यक्ति कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण से मुक्त हुए हैं जिससे कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 63.13 प्रतिशत हाे गई है। देश के 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना रिकवरी दर राष्ट्रीय औसत रिकवरी दर से अधिक दर्ज की गई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी कि 21 जुलाई को रिकॉर्ड 28,472 व्यक्ति कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए जिससे अब तक इस संक्रमण से निजात पाने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 7,53,049 हो गयी है। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना रिकवरी दर के मामले में दिल्ली ने सभी राज्यों से बाजी मार ली है।
दिल्ली में कोरोना रिकवरी दर 84.83 प्रतिशत है। दिल्ली सहित 19 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना संक्रमण मुक्त होने की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। दिल्ली के बाद लद्दाख में कोरोना रिकवरी दर 84.31 प्रतिशत, तेलंगाना में 78.37 प्रतिशत, हरियाणा में 76.29 प्रतिशत, अंडमान निकोबार में 75 प्रतिशत, राजस्थान में 72.50 प्रतिशत, गुजरात में 72.30 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 71.81 प्रतिशत, असम में 71.05 प्रतिशत, ओडिशा में 70.96 प्रतिशत, तमिलनाडु में 70.12 प्रतिशत, मणिपुर में 69.48 प्रतिशत, चंडीगढ़ में 68.97 प्रतिशत, उत्तराखंड में 67.99 प्रतिशत, पंजाब में 67.86 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 67.47 प्रतिशत, दादर नगर हवेली एवं दमन दीव में 65.67 प्रतिशत, हिमाचल प्रदेश में 64.72 प्रतिशत तथा बिहार में 64.95 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 37,724 नये मामले सामने आये हैं, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर करीब 11.93 लाख हो गयी है। देश में फिलहाल संक्रमण के 4,11,133 सक्रिय मामले हैं। कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों और रोगमुक्त व्यक्तियों की कुल संख्या का फासला लगातार बढ़ रहा है। अभी यह फासला 3,41,916 है।
देश में 1,276 कोरोना टेस्ट लैब, 3.43 लाख नमूनों की हुई जांच
देश भर में कोरोना वायरस कोविड-19 की जांच करने वाली लैब की संख्या बढ़कर 1,276 हो गयी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण की जांच करने वाले लैब की सूची में दो लैब और जुड़ गये हैं। इनमें सरकारी लैब की संख्या 892 तथा निजी लैब की 384 है।
इन 1,276 लैब ने 21 जुलाई को कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए 3,43,243 स्वाब की जांच की। इस तरह अब तक कुल 1,47,24,546 नमूनों की जांच की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी तक केवल पुणे की एक लैब में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच की सुविधा थी, मार्च में लैब की संख्या बढ़कर 121 हुई और अब छह माह बाद देश भर के 1,276 लैब में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच की सुविधा उपलब्ध है।
